– ब्रेकरों की मनमानी पर कलेक्टर का सख्त प्रहार
– रतलाम से सैलाना और ढोढर तक एंबुलेंस में सफर कर फोटो-वीडियो साझा करने के निर्देश
– 100 स्थानों पर ब्रेकर का काम बाकी; महू-नीमच रोड पर हो रहे जिले के 55 प्रतिशत सड़क हादसे
रतलाम। सड़कों पर सुरक्षा के नाम पर बनाए जा रहे अनावश्यक और ऊंचे ब्रेकर अब मरीजों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। एंबुलेंस में गंभीर मरीजों को ले जाते समय हर ब्रेकर पर लगने वाला झटका उनके दर्द को और बढ़ा देता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों को शायद इसकी गंभीरता का अंदाजा नहीं है। इसी मुद्दे पर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को कड़े शब्दों में फटकार लगाते हुए ऐसा निर्देश दिया, जिसने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया।
कलेक्टर ने एमपीआरडीसी के एजीएम मानवेंद्र कनेश एवं टोल मैनेजर आशीष मिश्रा से ब्रेकर निर्माण का औचित्य पूछा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि अधिकारी स्वयं एंबुलेंस में बैठकर रतलाम से सैलाना और रतलाम से ढोढर तक जाएं, ताकि उन्हें पता चले कि सड़क पर बने अनावश्यक ब्रेकर से मरीजों को कितनी परेशानी और दर्द होता है। अधिकारियों को इस यात्रा के फोटो और वीडियो भी साझा करने होंगे। अगली बैठक में इसकी समीक्षा की जाएगी।
100 स्थानों पर ब्रेकर का काम बाकी, पहले बने ब्रेकरों पर भी सवाल –
बैठक में एमपीआरडीसी ने जानकारी दी कि जिले में 15 स्थानों पर ब्रेकर संबंधी कार्य किया जा चुका है, जबकि लगभग 100 स्थानों पर काम शेष है। इस पर कलेक्टर ने सवाल उठाया कि आखिर इतने ब्रेकर बनाने की आवश्यकता क्यों है? उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्गों पर अनावश्यक ब्रेकर नहीं बनाए जाएं और केवल जरूरत के अनुसार साइड रोड पर ही ब्रेकर बनाए जाएं।
छह इंच ऊंचे ब्रेकर नहीं चलेंगे, पांच की जगह दो पर्याप्त –
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुसार ही ब्रेकर बनाए जाएं। एक स्थान पर पांच-पांच ब्रेकर बनाने के बजाय आवश्यकता के अनुसार दो ब्रेकर पर्याप्त हैं। छह इंच ऊंचे बड़े ब्रेकर नहीं होने चाहिए। ब्रेकर का एंगल भी ऐसा हो, जिससे वाहन चालकों और विशेषकर एंबुलेंस में ले जाए जा रहे मरीजों को अनावश्यक झटके न लगें। कलेक्टर ने साफ कर दिया कि सड़क सुरक्षा के नाम पर ऐसी व्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी, जो मरीजों की परेशानी बढ़ाए।
8 लेन पर लगेंगे साइन बोर्ड, नींद आने पर चालकों को किया जाएगा सतर्क –
बैठक में कलेक्टर ने एनएचएआई के अधिकारियों को 8 लेन पर आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इन बोर्डों पर वाहन चालकों को सड़क पर झपकी और नींद आने से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति सचेत करने वाले संदेश भी प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि चालक समय रहते सतर्क हो सकें।
महू-नीमच रोड पर हो रहे 55 प्रतिशत सड़क हादसे –
बैठक में सामने आया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की लगभग 55 प्रतिशत घटनाएं महू-नीमच रोड पर हो रही हैं। यह आंकड़ा सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कलेक्टर ने संबंधित विभागों और पुलिस को सतर्कता बरतने, दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने और पुलिस को लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद –
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित एमपीआरडीसी, एनएचएआई एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अब देखना यह होगा कि एंबुलेंस में सफर करने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों को मरीजों की परेशानी कितनी समझ आती है और अगली बैठक तक सड़कों पर अनावश्यक ब्रेकरों को लेकर वास्तव में कितनी कार्रवाई होती है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

