– बेगमपुरा चौराहे पर तेज रफ्तार बाइक ने दंपती की मोटरसाइकिल को मारी थी टक्कर
– चिकित्सकीय और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने सुनाया फैसला; आरोपी पर 2 हजार रुपये का अर्थदण्ड भी लगाया
जावरा। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर सड़क पर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया है। जावरा में बेगमपुरा चौराहे पर एक दंपती की मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर महिला को गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपी को न्यायालय ने 6 माह के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही आरोपी पर कुल 2 हजार रुपये का अर्थदण्ड भी लगाया गया है।
प्रकरण के अनुसार, 24 फरवरी 2022 को शाम करीब 7.30 बजे फरियादी जगदीश माली अपनी पत्नी यशोदा बाई को मोटरसाइकिल से लेकर बेगमपुरा चौराहे से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति और लापरवाहीपूर्वक आ रहे एक अन्य मोटरसाइकिल चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में यशोदा बाई के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि जगदीश माली को भी मामूली खरोंच आई। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रतलाम रेफर किया गया, जहां उपचार कराया गया। घटना के बाद फरियादी की रिपोर्ट पर औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने आरोपी चिमनलाल पिता उंकारलाल मईडा (38), निवासी ग्राम धामेड़ी, थाना पिपलौदा के विरुद्ध धारा 279, 337 एवं 338 भादवि में प्रकरण दर्ज किया था। विवेचना पूरी होने के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय ने तीन धाराओं में सुनाई सजा –
प्रकरण में प्रस्तुत चिकित्सकीय एवं दस्तावेजी साक्ष्यों तथा साक्षियों के कथनों को प्रमाणित मानते हुए न्यायालय श्री दिलीप पाटिल, न्यायाधिकारी ग्राम जनपद जावरा ने 13 नवंबर 2026 को आरोपी चिमनलाल को धारा 338 भादवि में 6 माह का सश्रम कारावास तथा धारा 279 और 337 भादवि में 3-3 माह का सश्रम कारावास सुनाया। इसके अतिरिक्त दोनों धाराओं में 1-1 हजार रुपये का अर्थदण्ड भी लगाया।
अभियोजन की प्रभावी पैरवी –
प्रकरण में शासन की ओर से सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी जावरा राजेन्द्र देवड़ा ने पैरवी की। विवेचना मारकण्डे मिश्रा द्वारा की गई थी। अभियोजन की ओर से साक्षियों के बयान दर्ज करवाने और न्यायालय में प्रभावी तर्क प्रस्तुत करने के बाद आरोपी को दोषसिद्ध कर सजा दिलाई गई।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

