– विश्रामगृह चौराहे से एसडीएम कार्यालय तक पैदल रैली, नारेबाजी करते हुए समाजजनों ने सौंपा ज्ञापन
जावरा। नई दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुई युवक तरुण खटीक की निर्मम हत्या के विरोध में खटीक समाज में आक्रोश देखने को मिला। क्षत्रिय खटीक समाज कल्याण समिति, जावरा के नेतृत्व में समाजजनों ने सोमवार को विश्रामगृह से पैदल रैली निकाली, जो नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। इसके बाद समाजजनों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सुनील जायसवाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में समाजजनों ने बताया कि होली के दिन एक छोटी बच्ची द्वारा खेल-खेल में फेंके गए रंग के गुब्बारे के छींटे एक महिला पर लग जाने से विवाद उत्पन्न हुआ, जिसके बाद स्थिति गंभीर हो गई और समाज के युवक तरुण खटीक की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे देश में खटीक समाज सहित सर्व हिन्दू समाज में गहरा आक्रोश और दुख व्याप्त है।
निष्पक्ष जांच एवं फांसी की सजा दिए जाने की मांग –
समाजजनों ने मांग की कि तरुण खटीक हत्याकांड की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर कड़ी से कड़ी सजा (फांसी) दी जाए। साथ ही पीडि़त परिवार को 2 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, सुरक्षा एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग भी की गई। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो समाजजन भविष्य में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इनकी रही उपस्थिति –
इस दौरान खटीक समाज जावरा अध्यक्ष भगवतीलाल नेका, सचिव मगनलाल कायस्थ, कोषाध्यक्ष त्रिलोक चावला, हिन्दु जागरण मंच के नेपालसिंह डोडिया के साथ कैलाश कायस्थ, प्रशांत पहाड़िया, राहुल नेका, रितेश चंदेल, भेरुलाल नेका, रामबाबु कायस्थ, आनंद नेका, गौरीशंकर दायमा सहित समाज के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

