– कपड़े की दुकान से नए कपड़े पहने, सिल्लक चुराई
– किराना दुकान और कम्प्यूटर सेंटर पर दिखाई हाथ की सफाई
– पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज, दो व्यक्ति हाथ में विमल का झोला लिए दिखाई दिए
– पुलिस ने फिंगर प्रींट एक्सपर्ट और डॉग स्कॉट को भी बुलाया
जावरा। शहर के मुख्य बाजार बजाजखाना में पूर्व में हुई कोठारी ज्वेलर्स की पांच करोड़ की चोरी अभी ट्रेस भी नहीं हो पाई थी कि इसी बजाजखाना में एक बार फिर बदमाशों ने अपने हाथ दिखाते हुए तीन दुकानों को चोरी की, वहीं एक दुकान पर चोरी का असफल प्रयास करते हुए पुलिस को एक बार फिर से चुनौति दी है, वहीं जिन तीन दुकानों पर चोरी हुई है, वहां से पुलिस की सराफा चौकी महज 100 मीटर की दूरी पर ही स्थित है। ऐसे में बदमाशों द्वारा पुलिस को खुला चैलेंज दिया गया है। सूचना मिलने पर सुबह शहर थाना प्रभारी जितेन्द्रपाल सिंह जादोन, एसआई रघुवीर जोशी मौके पर पहुंचे और मोका मुआयना कर पीडि़तों से चर्चा की, वहीं घंटाघर चौराहे के साथ ही दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर बदमाशों की सर्चिंग प्रारंभ कर दी है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी में सुबह करीब साढ़े 5 बजे दो बदमाशा हाथ में विमल का छोला लिए दिखाई दिए है, जो ऑटो से चौपाटी की तरफ गए थे, पुलिस का दावा है कि वे जल्द की इन बदमाशों को पकड़ लेंगे। अब पुलिस का यह दावा कितना सही साबित होता है यह तो भविष्य के गर्त में छुपा है।
शहर थाना प्रभारी जितेन्द्रपालसिंह व एसआई रघुवीर जोशी ने बताया कि शहर के घंटाघर चौराहे से लगी रानी साहिबा गारमेन्ट्स, शगुफ्ता किराना, रायल कम्पयूटर्स पर बदमाशों ने ताले चटकाए और गल्ले में रखी सिल्लक चुराकर ले गए, वहीं रानी साहिबा से बदमाश नए कपड़े पहन कर चले गए, वहीं जो कपड़े वे पहन कर आए थे वे भी साथ ले गए। इधर पामेचा ज्वेलर्स पर भी बदमाशों ने चोरी की नियत से ताले चटकाए थे, लेकिन यहां वे चोरी नहीं कर सके, बदमाश ऊपर लगे फायबर के दरवाजे को तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद डॉग स्कॉट और फिंगर प्रींट एक्सपर्ट को भी बुलाया था, उन्होने भी मौके से फिंगर प्रींट लिए है। वहीं डॉग ने भी सर्चिंग की है।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश –
सुबह पीडि़तों से चर्चा और मोका मुआयना करने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालें, दुकानों के अंदर लगे कैमरे से यह पता चला कि बदमाशों जो कपड़े पहनकर आए थे, उन कपड़ों में बाहर नहीं निकले, बदमाशों ने रानी साहिबा गारमेंटस से कपड़े बदले और पुराने कपड़े भी साथ ले गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में सुबह करीब साढ़े 5 बजे दो से तीन बदमाश दिखाई दिए है, उनमें दो बदमाशा हाथ में विमल का झोला लेकर जाते दिखाई दिए, वहीं थोड़ी देर बाद एक और बदमाश पीठ पर झोला उठाए दिखाई दिया है, बदमाशों ने घंटाघर से थोड़ी दूर पहुंचकर एक ऑटो किया और उसमें बैठकर निकले, जन सहयोग से पुरे शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑटो को चौपाटी बस स्टेण्ड तक जाते हुए देखा गया है। पुलिस ने दावा किया है बदमाशा बाहर के नहीं है, आसपास के ही कोई छोटे मोटे चोर है, जिन्है जल्द ही पकड़ लेगें।

०००००००००००००००००

