– सांसद बंशीलाल गुर्जर की घोषणा, पूर्वाध्यक्ष सम्मान के साथ सेवा कार्यों की शानदार प्रस्तुति
जावरा। सेवा, समर्पण और संस्कारों की प्रेरणादायी मिसाल पेश करते हुए लायंस क्लब जावरा द्वारा रविवार को लायन नेत्र चिकित्सालय परिसर में भव्य पारिवारिक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर एवं विशेष अतिथि के.के. सिंह कालूखेड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन से हुआ, ध्वज वंदना अर्चना चोपड़ा ने प्रस्तुत की। स्वागत उद्बोधन में क्लब अध्यक्ष लायन यश जैन ने बताया कि स्व. कुंदनमल जी भारतीय द्वारा प्रदत्त भूमि पर निर्मित यह नेत्र चिकित्सालय आज क्षेत्र में सेवा का सशक्त केंद्र बन चुका है।
विकास के नए लक्ष्य और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार –
अपने उद्बोधन में यश जैन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने जावरा में ब्लड बैंक की स्थापना, रेटिना जैसी जटिल बीमारियों के उपचार की स्थानीय सुविधा विकसित करने तथा पूरे क्षेत्र में सेवा विस्तार की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सांसद निधि से की 10 लाख की घोषणा –
मुख्य अतिथि बंशीलाल गुर्जर ने चिकित्सालय को सेवा का जीवंत तीर्थ बताते हुए इसके विकास के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। विशेष अतिथि के.के. सिंह कालूखेड़ा ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
हुआ स्व. भारतीय की प्रतिमा लोकार्पण –
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्व. कुंदनमलजी भारतीय की प्रतिमा का विधिवत लोकार्पण रहा। अतिथियों द्वारा अनावरण कर प्रतिमा को समाज को समर्पित किया गया। एक बीघा भूमि दान कर इस सेवा कार्य की नींव रखने वाले दिवंगत भारतीय के प्रति यह संस्था की भावपूर्ण श्रद्धांजलि रही। इस दौरान भारतीय परिवार के सदस्य भावुक हो उठे और उन्होंने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
पूर्वाध्यक्षों का सम्मान, तालियों से स्वागत –
सभा में क्लब के पूर्वाध्यक्षों को पगड़ी, शाल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। पुष्पवर्षा के बीच उनके योगदान का अभिनंदन किया गया। लक्की लायन एवं लक्की लायनेस सम्मान क्रमश: राजकुमार मारवाड़ी एवं श्रीमती पामेचा को प्रदान किए गए।
सेवा कार्यों का प्रभावशाली प्रतिवेदन –
सचिव लायन अशोक चोपड़ा ने बताया कि पिछले 9 माह में हजारों लोगों के नि:शुल्क नेत्र परीक्षण, सैकड़ों सफल ऑपरेशन हुए। 1 जुलाई से अब तक 5,500 से अधिक ऑपरेशन और 65,000 से अधिक ओपीडी के साथ ही 4,000 से अधिक लोगों को डायग्नोस्टिक सेवाओं का लाभ दिया गया हैं। इस सत्र में अब तक करीब 180 सेवा कार्य संपन्न हुए हैं।
सोलर पैनल से पर्यावरण संरक्षण की पहल –
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चिकित्सालय परिसर में 65 केवी सोलर पैनल स्थापित कर उसका उद्घाटन किया गया। इस पहल से ऊर्जा बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेंद्र गर्ग, रीजन चेयरमैन संतोष मेडतवाल, जोन चेयरमैन डॉ. शैलेंद्र पांडे, कोषाध्यक्ष राकेश पी. कोचट्टा, डॉ. दिलीप शाकल्य, पूर्वाध्यक्षगण सहित अनेक लायंस सदस्य एवं भारतीय परिवार के ओमप्रकाश भारतीय, अशोक भारतीय, प्रतीक भारतीय, सुनील पोखरना, कानसिंह चौहान, हरिराम शाह, आजाद ढढहा,ओ.पी. सिंह,सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे। संचालन डॉ. सुरेश मेहता एवं शशि मेहता ने किया, जबकि आभार राजकुमार मारवाड़ी ने माना।



