– आर्ट, क्राफ्ट से लेकर इनोवेशन आईडियास पर बनाए मॉडल
– बुक फैयर से नालेज लिया, फन फैयर में बच्चों ने किया फुल इंजाय
जावरा। जब इरादों में स्पष्टता, हौसलों में उड़ान और भावनाओं में शुद्धता हो, तो असंभव भी संभव हो जाता है। इसी सोच को साकार करते हुए स्थानीय सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल ने नॉलेज कार्निवल 2.0 का भव्य आयोजन कर यह सिद्ध कर दिया कि नव ऊर्जा और अनुभव का संगम शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है। यह आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में सामने आया, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों एवं नगरवासियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रसंत नमन वैष्णव, रश्मि पाण्डेय, अर्चना पाण्डेय एवं प्रांजल पाण्डेय द्वारा दीप प्रज्वलन एवं फीता काट कर किया गया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद, अभिभावक एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रोजेक्ट्स एवं मॉडलों की सराहना करते हुए इसे भविष्य की शिक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
आर्ट, क्राफ्ट से लेकर इनोवेशन से जुड़े मॉडल किए प्रदर्शित –
नॉलेज कार्निवल 2.0 के अंतर्गत विज्ञान, गणित, तकनीक, आर्ट, ड्रॉइंग, क्राफ्ट एवं इनोवेशन से जुड़े सैकड़ों कार्यशील मॉडल प्रदर्शित किए गए। नन्हे विद्यार्थियों ने सरल प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया, वहीं वरिष्ठ विद्यार्थियों ने आधुनिक तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संसाधन एवं गणितीय अवधारणाओं पर आधारित प्रोजेक्ट्स के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा विद्यालयीन शिक्षा पद्धति पर आधारित प्रस्तुतियों ने यह दर्शाया कि प्रारंभिक स्तर से ही बच्चों में समझ और आत्मविश्वास विकसित किया जा रहा है। कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों ने विषय आधारित प्रोजेक्ट्स के साथ उनकी व्यावहारिक उपयोगिता को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।
करियर काउंसलिंग शिविर भी लगा –
कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष करियर काउंसलिंग कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें इंजीनियरिंग, मेडिकल, कॉमर्स, आर्ट्स सहित विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर चयन के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्निवल में आयोजित बुक एग्ज़ीबिशन में साहित्य, विज्ञान, सामान्य ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं प्रेरणादायक पुस्तकों का विशाल संग्रह प्रदर्शित किया गया, जो विद्यार्थियों और अभिभावकों के आकर्षण का केंद्र रहा।
फन फेयर का भी लिया आनंद –
कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बनाने हेतु फन फेयर का आयोजन किया गया, जिसमें झूले, मनोरंजक खेल, विविध स्टॉल, स्वादिष्ट खान-पान की व्यवस्था, पालकों के लिए ईनामी खेल, प्रत्येक दो घंटे में लकी ड्रॉ एवं बच्चों के मनोरंजन के लिए अनेक गतिविधियाँ शामिल रहीं। पूरा परिसर मेले जैसा आनंदमय वातावरण प्रस्तुत कर रहा था। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस आयोजन में लगभग 12 हजार से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं नागरिकों ने सहभागिता की।
इनका मिला आतिथ्य –
कार्यक्रम में करणी सेना परिवार प्रमुख जीवनसिंह शेरपुर, श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष शिवप्रतापसिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्रसिंह सोलंकी का विशेष आतिथ्य प्राप्त हुआ। विद्यालय प्राचार्य देवेंद्र मूणत एवं मैनेजर भाविक मूणत ने बताया कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मक सोच का विकास होता है। अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

