– देशभक्ति पर आधारित फिल्म बार्डर 2 का प्रदर्शन
– माल्यार्पण व शाल ओढ़ाकर किया गया सम्मान
– नागरिकों ने कहा ऐसे आयोजन समाज को दिशा देते हैं
जावरा। सीमा पर देश की रक्षा में तैनात एवं सेवानिवृत्त सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से लायंस क्लब जावरा द्वारा एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्लब सदस्यों सहित शहर के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और पूरा वातावरण देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सभी उपस्थितजनों द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान से की गई। इसके पश्चात संस्था द्वारा देशभक्ति पर आधारित फिल्म बॉर्डर-2 का विशेष प्रदर्शन किया गया। फिल्म के दौरान उपस्थित नागरिक भावुक नजर आए और सैनिकों के साहस, त्याग एवं बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त सैनिक हवलदार खुशमान पाटीदार का वरिष्ठ सदस्यों द्वारा शाल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। सम्मान ग्रहण करते हुए हवलदार पाटीदार ने संस्था का आभार व्यक्त किया तथा सीमा पर सेवा के दौरान के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा से बढ़कर कोई कर्तव्य नहीं है। उनके अनुभवों ने उपस्थित युवाओं और नागरिकों में देशभक्ति और कर्तव्यबोध की भावना को और अधिक प्रबल कर दिया।
सैनिकों का त्याग हमारे सुरक्षित भविष्य की नींव –
संस्था अध्यक्ष एडवोकेट यश जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे सैनिकों का साहस, अनुशासन और त्याग ही हमारे सुरक्षित भविष्य की नींव है। समाज के प्रत्येक नागरिक को सैनिकों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना अपने जीवन में उतारनी चाहिए। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रूप देने में मनोरंजन समिति के चेयरमैन मुस्तफा सैफ एवं को-चेयरमैन लायन संजय गोधा का विशेष योगदान रहा। संस्था द्वारा उनका स्वागत कर आभार व्यक्त किया गया। देशभक्ति से सराबोर इस आयोजन में संस्था के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से सहभागी बने। उपस्थित नागरिकों ने ऐसे कार्यक्रमों को समाज में राष्ट्रप्रेम, सैनिकों के प्रति सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने वाला बताया। अंत में संस्था के वरिष्ठ सदस्यों ने सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों, आयोजक समिति एवं सहयोगी सदस्यों को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया।

