– संस्थापक जी.एल. पटेल ने दिया सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता का संदेश, अस्पताल को बताया मानवता का मंदिर
जावरा। सरदार पटेल ग्रुप के इंस्टीट्यूशंस ऑफ हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में 77 वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के समस्त स्टाफ, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों तथा अस्पताल के सभी कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जिसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों को मिठाई वितरण कर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से झलकती नजर आई। इस अवसर पर संस्थापक जी.एल. पटेल ने अपने उद्बोधन में सभी को राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल और नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का माध्यम है। जब कोई व्यक्ति बीमारी की अवस्था में अस्पताल आता है तो वह केवल दवाओं से नहीं, बल्कि व्यवहार और संवेदनशीलता से भी ठीक होता है। यदि स्टाफ प्रेम, सम्मान और अपनत्व से बात करता है तो रोगी आधा वहीं स्वस्थ महसूस करने लगता है। इसलिए सेवा कार्य में हमेशा संवेदना और समर्पण बनाए रखना चाहिए।
सेवा भाव से कार्य करना ही मूल ध्येय –
अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. रोहित पटेल ने कहा कि सेवा भाव से कार्य करना ही हमारा मूल ध्येय होना चाहिए। उन्होंने सभी स्टाफ एवं विद्यार्थियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने की अपील की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

