– सत्ता के नेता दे रहे संरक्षण, क्या यही है रामराज्य : इंजी. नवीन कुमार अग्रवाल
मंदसौर/भोपाल। मध्यप्रदेश में रेत माफियाओं के बढ़ते प्रभाव और कथित राजनीतिक संरक्षण को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी. नवीन कुमार अग्रवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा के 23 साल के शासन में प्रदेश की नदियों का सबसे ज्यादा दोहन हुआ है, जिसमें सत्ताधारी नेताओं की मिलीभगत रही है।
नदियों को छलनी कर रहे माफिया –
अग्रवाल ने कहा कि ग्वालियर से लेकर नीमच तक नर्मदा, चंबल सहित सैकड़ों नदियों का अवैध खनन कर अस्तित्व संकट में डाल दिया गया है। उनका आरोप है कि यह सब भाजपा से जुड़े नेताओं के संरक्षण में हो रहा है, जिससे माफिया बेखौफ होकर काम कर रहे हैं।
वर्दी भी सुरक्षित नहीं –
मुरैना में वनरक्षक हरिकेश गुर्जर की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या का उल्लेख करते हुए अग्रवाल ने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि रेत माफिया अब इतने बेखौफ हो चुके हैं कि उन्हें कानून और वर्दी का भी डर नहीं रहा।
नीमच में भी हो चुकी है ऐसी घटना –
उन्होंने बताया कि नीमच के सरवानिया महाराज क्षेत्र में भी इसी तरह पुलिस जवान की डंपर से कुचलकर हत्या की जा चुकी है। ऐसी कई घटनाएं प्रदेश में सामने आ चुकी हैं, जहां अवैध खनन रोकने पर सरकारी कर्मचारियों को जान गंवानी पड़ी।
सीबीआई जांच की मांग –
अग्रवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की है कि पिछले 23 वर्षों में रेत माफियाओं से जुड़ी सभी घटनाओं की सीबीआई जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
जनता के मन में उठ रहे सवाल –
उन्होंने सवाल उठाया कि ट्रैक्टर चालक पर हत्या का केस दर्ज होने के बाद भी उन राजनीतिक संरक्षकों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही, जो पर्दे के पीछे से माफियाओं को संरक्षण दे रहे हैं। यह जानकारी आम आदमी पार्टी के जोन मीडिया प्रभारी प्रकाश दोसावत द्वारा दी गई।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

