– जावरा विधायक डॉ. पांडेय के सवाल पर खेल मंत्री ने दी जानकारी
– जल संरक्षण के 1073 कार्यों को 20 करोड़ 49 लाख रु की स्वीकृति
– 10 लाख 38 हजार किसानों को मिला 548 करोड़ का फसल बीमा क्लेम
– सांस्कृतिक शेड निर्माण पर निरीक्षण जारी, स्वीकृति जल्द
जावरा/भोपाल । जावरा विधानसभा क्षेत्र के पिपलौदा में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण को लेकर विधानसभा के शीतकालीन सत्र के प्रथम दिन महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय द्वारा पूछे गए प्रश्न पर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि नई नीति के अनुसार स्टेडियम निर्माण हेतु कुल 10 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। इनमें से 5 एकड़ भूमि विभाग को उपलब्ध हो चुकी है, जबकि शेष 5 एकड़ भूमि के आवंटन की प्रक्रिया जिला कलेक्टर के स्तर पर जारी है। मंत्री ने कहा कि भूमि पूर्ण आवंटित होते ही स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी जाएगी।
इसी दौरान विधायक डॉ. पांडेय के दूसरे प्रश्न पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने बताया कि वर्ष 2023-24 से अब तक जावरा विधानसभा क्षेत्र में जल संरक्षण के विभिन्न प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, वाटरशेड एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कुल 1073 कार्यों को लगभग 20 करोड़ 49 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इनमें PMKSY और वाटरशेड योजना के तहत 157 कार्यों पर 9 करोड़ 60 लाख रुपये तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत 916 कार्यों पर 10 करोड़ 89 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
विधायक के ही एक अन्य प्रश्न पर मंत्री पटेल ने बताया कि क्षेत्र में सांस्कृतिक शेड निर्माण के लिए स्थल निरीक्षण कराया जा रहा है। निरीक्षण रिपोर्ट के बाद स्वीकृति जारी की जाएगी। इसके साथ ही रतलाम जिले में पिछले पाँच वर्षों में किसानों को मिले फसल बीमा क्लेम पर कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि वर्ष 2020 से वर्तमान तक रबी एवं खरीफ मौसम के लिए कुल 10 लाख 38 हजार किसानों को 548 करोड़ रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

