– विश्व स्वास्थ्य सप्ताह पर विद्यार्थियों की आंखों व दांतों की जांच, विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सलाह
जावरा। विश्व स्वास्थ्य सप्ताह के उपलक्ष्य में महावीर जैन नेशनल स्कूल, जावरा में विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शारीरिक फिटनेस एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण किए गए तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जावरा की प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना चंदन सिंह एवं दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. राज डांगी ने अपनी सेवाएँ प्रदान करते हुए विद्यार्थियों का परीक्षण किया। नेत्र विशेषज्ञ द्वारा विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर उन्हें आंखों की देखभाल, स्वच्छता, मोबाइल व स्क्रीन के सीमित उपयोग तथा पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। वहीं दंत रोग विशेषज्ञ द्वारा विद्यार्थियों के दांतों की जांच कर उन्हें दिन में दो बार ब्रश करने, दांतों की नियमित सफाई रखने, मीठे पदार्थों का सीमित सेवन करने एवं दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की नींव –
इस अवसर पर चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की नींव है। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और स्वच्छता अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
सर्वागीण विकास का माध्यम हैं विद्यालय –
विद्यालय के संचालक डॉ. अश्विन गंगवाल ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम भी है। बच्चों का शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है, इसी उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह एवं जिज्ञासा देखने को मिली और उन्होंने डॉक्टरों द्वारा दी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा उपस्थित चिकित्सकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।



