– 45वीं महामालव बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन
जावरा। जिला बास्केटबॉल संघ जावरा द्वारा आयोजित 45वीं महामालव बास्केटबॉल बालक एवं बालिका प्रतियोगिता का समापन समारोह अत्यंत उत्साह, उमंग एवं खेलभावना के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत खेल गुरु व्हीपी रिछारिया सर के आत्मीय स्वागत के साथ हुई। उल्लेखनीय है कि लगभग 45 वर्ष पूर्व इस क्षेत्र में बास्केटबॉल ने संगठित स्वरूप ग्रहण किया था और यह प्रतियोगिता उसी प्रेरणादायी परंपरा को आगे बढ़ाने का सशक्त प्रयास रही। यह आयोजन जिला बास्केटबॉल संघ एवं नगर पालिका परिषद् जावरा (सह-प्रायोजक) के तत्वावधान में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है।
रोमांचक फाइनल मुकाबले में जॉनसन टीम विजेता –
समारोह के दौरान अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में जॉनसन एवं जॉर्डन बालक टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। दर्शकों को रोमांच से भर देने वाले इस संघर्षपूर्ण मैच में जॉनसन टीम ने 38-34 के स्कोर से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
अतिथियों ने खिलाडिय़ों का बढ़ाया उत्साह –
बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने स्वागत भाषण में खेल विकास में सहयोगियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए आयोजकों की सराहना की। एसडीएम एवं जिला बास्केटबॉल संघ के चेयरमैन सुनील जायसवाल ने खिलाडिय़ों के अनुशासन, मेहनत और खेलभावना की प्रशंसा की। नगरपालिका उपाध्यक्ष सुनील कोचट्टा ने कहा कि खेल युवाओं में नेतृत्व, समर्पण और आत्मविश्वास का निर्माण करता है। जिला कराटे संघ रतलाम के अध्यक्ष अजय पाटीदार तथा हेमंत श्रीमाल ने भी खिलाडिय़ों को प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वार्षिक पत्रिका का विमोचन, विजेताओं का सम्मान –
कार्यक्रम में हिम्मत धारीवाल एवं नीतिराज सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर संघ की वार्षिक पत्रिका का विमोचन खेल गुरु रिछारिया सर एवं संघ के सदस्यों द्वारा किया गया। जिसमें अशोक जी सेठिया का विशेष सहयोग रहा। इसके पश्चात विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सभी प्रतिभागियों का पुरस्कार वितरण किया गया।
गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति से बढ़ी आयोजन की गरिमा –
समारोह में अशोक सेठिया (संयोजक), अरुण संघवी (कोषाध्यक्ष), सुरेश मेहता (उपाध्यक्ष), महेंद्र गंगवाल, विनोद चौरसिया, अपार सिंह गंभीर, बलवंत सिंह राठौर एवं शिवेंद्र माथुर (पार्षद) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
20 से अधिक टीमों ने दिखाया खेल कौशल –
प्रतियोगिता में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग की 20 से अधिक टीमों ने भाग लेकर उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेलभावना का परिचय दिया। मैचों के निर्णायक के रूप में मुकेश केथवास, रविन्द्रसिंह सिसोदिया, अभिषेक पामेचा, दीपशी ठक्कर एवं प्रदीप ठाकुर ने निष्पक्ष भूमिका निभाई। संचालन मनुदेवजी चंद्रावत ने किया। आभार संघ सचिव विजय पामेचा ने माना।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

