– त्रिवेणी संगम पर पूजा-अर्चना, रिंगनोद सेक्टर में जल गंगा संवर्धन की रूपरेखा तय
जावरा / रिंगनोद। जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम के तहत रिंगनोद सेक्टर स्तर की महत्वपूर्ण बैठक मनकामनेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित की गई। बैठक में जल संरक्षण को लेकर विभिन्न योजनाओं पर चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक का आयोजन नवांकुर समिति अटल ग्राम विकास सामाजिक संगठन द्वारा किया गया, जिसकी अध्यक्षता जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक युवराज सिंह पंवार ने की। पंवार ने पिछले माह के कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी गतिविधियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि गंगा दशमी के अवसर पर कलश यात्रा, जल स्रोतों की साफ-सफाई, दीप प्रज्वलन, भजन-कीर्तन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जल गंगा संवर्धन के द्वितीय चरण में तालाब गहरीकरण, नदी गहरीकरण और जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष कार्य किया जाएगा।
अटल ग्राम के अध्यक्ष अभय कोठारी ने 25 मई गंगा दशहरा के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कलश यात्रा के समय तय किए। इसके अनुसार गोठड़ा में सुबह 8.30 बजे, गोंदी शंकर में 9.00 बजे, कांकरवा बालाजी में 10.00 बजे, मेहंदी में 11.00 बजे तथा रिंगनोद में शाम 5.00 बजे कार्यक्रम आयोजित होंगे।
पूजा अर्चना कर किया श्रमदान –
इस अवसर पर चंबल, मलेनी और पिंगला नदियों के त्रिवेणी संगम स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। नदी घाट पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा जल संरक्षण की शपथ ली गई। संगम स्थल स्थित ऐतिहासिक मनकामनेश्वर मंदिर में भगवान भोलेनाथ की महाआरती कर क्षेत्र में अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक युवराजसिंह पंवार, अटल ग्राम अध्यक्ष अभय कोठारी, समाजसेवी जगदीश उपमन्यु, वीरेंद्रसिंह चौहान, परामर्शदाता बबलू बैरागी, अंकित ठाकुर सहित विभिन्न ग्राम समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। अंत में आभार अंकित ठाकुर ने व्यक्त किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

