– केले, पाम एवं सजावटी पौधों का रोपण, विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
जावरा। प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेपीएस किड्स, रतलाम नाका शाखा, जावरा में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के नन्हे विद्यार्थियों ने अपने छोटे-छोटे हाथों से पौधे लगाकर हरियाली का संदेश दिया। विद्यालय परिसर के गार्डन कैंपस में केले, पाम सहित विभिन्न छायादार एवं सजावटी पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर मूणत ग्रुप के डायरेक्टर विनोद मूणत, डायरेक्टर कमल मूणत, प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने पौधों को जल अर्पित कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पौधारोपण की सही विधि, पौधों के महत्व तथा पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी।
हरियाली स्वस्थ जीवन की नींव –
डायरेक्टर कमल मूणत ने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य की स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ जीवन की नींव है। यदि बचपन से ही बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और संरक्षण की भावना विकसित की जाए तो वे भविष्य में जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनेंगे।
बच्चों को प्रकृति से जोड़ते हैं ऐसे आयोजन –
प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों का संस्कार स्थल भी है। ऐसे गतिविधि-आधारित कार्यक्रम बच्चों को प्रकृति से जोड़ते हैं और पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक संदेश देते हैं। उन्होंने प्रत्येक बच्चे से जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। नन्हे विद्यार्थियों ने पौधों के साथ अपनी खुशियां साझा करते हुए सभी को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

