– गेहूं खरीदी में गड़बड़ी, स्लॉट नहीं मिलने और फसल रिजेक्ट होने से किसानों में भारी आक्रोश
जावरा। प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर सियासत तेज होती नजर आ रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता वरुण श्रोत्रिय एडवोकेट ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वर्तमान व्यवस्था में किसानों की स्थिति बेहद दयनीय और चिंताजनक हो गई है।
उन्होंने कहा कि किसान पूरे साल मेहनत कर फसल उगाता है, इस उम्मीद के साथ कि उसे उसकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा, जिससे वह अपने परिवार का पालन-पोषण कर सके और देश के लिए अन्न उत्पादन जारी रख सके। लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट दिखाई दे रही है। श्रोत्रिय के अनुसार, किसान जब अपनी गेहूं फसल बेचने मंडी पहुंच रहे हैं, तो उसे अमान्य बताकर रिजेक्ट किया जा रहा है। इतना ही नहीं, किसानों को स्लॉट बुकिंग में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ मामलों में जहां किसानों ने अधिकारियों से संपर्क कर लिया, उनकी फसल तोल दी जा रही है, जबकि अन्य कई किसानों को बिना तौल के ही वापस गांव लौटना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों के सामने फसल भंडारण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ रही है। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए वरुण श्रोत्रिय ने प्रदेश के महामहिम राज्यपाल को पत्र लिखकर मांग की है कि तत्काल किसानों के गेहूं की खरीदी सुनिश्चित की जाए और उन्हें उचित मूल्य दिया जाए।
जल्द किसानों की समस्या का नहीं हुआ निराकरण तो होगा आंदोलन –
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा पराली सर्वे के लिए सैटेलाइट और ड्रोन तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, लेकिन इसमें कई गलत रिपोर्ट प्रस्तुत हो रही हैं, जिससे किसानों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक पत्र की प्रति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भी भेजी गई है। अंत में श्रोत्रिय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

