– वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं व बच्चे सबसे अधिक परेशान
– एस्केलेटर, टिकट खिड़की, वेटिंग रूम, पार्किंग और अंडरब्रिज निर्माण की उठी मांग
जावरा। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं की कमी को लेकर श्री श्वेताम्बर जैन वरिष्ठ सेवा समिति, जावरा ने सांसद सुधीर गुप्ता के नाम एक ज्ञापन सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी को सौंपकर शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष अभय सुराणा ने बताया कि जावरा रेलवे स्टेशन पर पूर्व में जिन ट्रेनों का ठहराव था, वह वर्तमान में बंद हो चुका है। इसके साथ ही एक-दो साप्ताहिक ट्रेनों का स्टॉपेज भी जावरा में सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को भारी असुविधा उठानी पड़ रही है। ज्ञापन में अंडरब्रिज का शीघ्र निर्माण कराने की भी मांग की गई। प्लेटफार्म नंबर-2 से बाहर जाने के लिए बना कच्चा मार्ग गंदगी और कीचड़ से भरा रहता है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी होती हैं।
इन सुविधाओं की उठाई मांग –
समिति ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर-2 पर टिकट खिड़की का अभाव, वाटर कूलर की कमी, वातानुकूलित प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) और कैंटीन सुविधा का न होना प्रमुख समस्याएं हैं। प्लेटफार्मों के बीच आवागमन सुगम बनाने के लिए एस्केलेटर लगाने की मांग भी की गई है। दोनों प्लेटफार्मों पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली (कोच डिस्प्ले) नहीं होने से यात्रियों को ट्रेन के डिब्बों की जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बनती है और कई बार बच्चे, महिलाएं व वरिष्ठ नागरिक गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं।
लंबी दूरी के ट्रेनों और साप्ताहिक ट्रेनो के ठहराव की मांग –
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जावरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर कई लंबी दूरी एवं साप्ताहिक ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को अन्य शहरों से यात्रा करनी पड़ती है। स्टेशन के बाहर कोल इंडिया द्वारा निर्मित शौचालय टेंडर प्रक्रिया लंबित होने के कारण उपयोग में नहीं आ पा रहा है, जिससे स्वच्छता समस्या बनी हुई है। वहीं स्टेशन परिसर के बाहर वाहन पार्किंग स्थल निर्धारित नहीं होने से वाहन मनमाने तरीके से खड़े रहते हैं और पैदल यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। समिति ने संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया कि इन सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर जावरा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन का वाचन अध्यक्ष अभय सुराणा ने किया, संचालन सचिव राजकुमार हरण ने तथा आभार उपाध्यक्ष पुखराज पटवा ने व्यक्त किया।
सांसद प्रतिनिधि से मिला आश्वासन –
सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी ने कहा कि यह मांग-पत्र सांसद तक तथा संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने प्रतिनिधि मंडल के सामने ही मोबाइल पर चर्चा कर शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर प्रकाशचंद संघवी, पुखराज पटवा, नेमीचंद जैन, सुभाष डूंगरवाल, राजेंद्र कोचर, नरेंद्र संघवी, अशोक धोका, प्रदीप सेठिया, ऋषभ छाजेड़, अभय सुराणा, राजकुमार हरण सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। उक्त जानकारी प्रदीप सेठिया ने दी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

