– बैठक शुरू होते ही विपक्ष का जोरदार विरोध, जागनाथ महादेव मंदिर की जर्जर हालत से लेकर प्रोसीडिंग कॉपी तक पर विवाद
– अध्यक्ष अनम बोलीं पहले एजेंडे पर चर्चा, फिर दुसरी चर्चा
– नपा के नव नियुक्त एल्डरमेन का किया स्वागत
जावरा। नगर पालिका परिषद के साधारण सम्मेलन की शुरुआत सोमवार को हंगामे के साथ हुई। नपा सभागृह में आयोजित बैठक में भाजपा पार्षद एवं एल्डरमैन काफी विलंब से पहुंचे, जिससे शुरुआत से ही माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सम्मेलन प्रारंभ होते ही विपक्ष के पार्षद कालू कदम और अनिल मोदी ने सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाया। कालू कदम ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) चंद्रशेखर सोनिस से सवाल करते हुए कहा कि उनके वार्ड में साफ-सफाई को लेकर दिए गए पत्र को लगभग 25 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं अनिल मोदी ने नाले की समस्या को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि संबंधित मेट और दरोगा फोन तक नहीं उठाते।
नपाध्यक्ष बोली पहले एजेंडे पर चर्चा, फिर दूसरी –
इस पर सीएमओ चंद्रशेखर सोनिस ने जवाब देते हुए कहा कि सभी समस्याओं को नोट कर लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसी बीच नपा अध्यक्ष अनम कड़पा ने कहा कि पहले एजेंडे के अनुसार चर्चा की जाएगी। अध्यक्ष के इस बयान पर भाजपा पार्षदों ने जोर-जोर से विरोध करना शुरू कर दिया, जिससे सभागृह में हंगामे की स्थिति बन गई।
जागनाथ महादेव जर्जर, शीघ्र बनाए प्रतिवेदन –
बैठक के दौरान पार्षद रुकमण राजेश धाकड़ ने पुल बाजार स्थित जागनाथ महादेव मंदिर की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाते हुए नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इस पर सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी ने भी मामले को गंभीर बताते हुए मंदिर की शीघ्र मरम्मत की मांग की। उन्होंने कहा कि इस कार्य में सांसद, विधायक एवं सभी जनप्रतिनिधियों का पूरा सहयोग नपा को मिलेगा। विधायक प्रतिनिधि अजयसिंह भाटी ने कहा कि इस मामले में जल्द पहल की जानी चाहिए। जल्द से जल्द प्रस्ताव बनाए और काम शुरु करें।
समय पर नहीं मिल रही प्रोसेडिंग –
पार्षद रजत सोनी ने परिषद की पिछली बैठकों की प्रोसीडिंग की कॉपी उपलब्ध नहीं कराए जाने पर नाराजगी जताई। उनके समर्थन में अन्य विपक्षी पार्षद भी खड़े होकर विरोध करने लगे। सोनी ने कहा कि नगर पालिका नियमों की बात करती है, लेकिन दो-दो बैठकों की प्रोसीडिंग तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। एल्डरमैन नंदकिशोर महावर ने सीएमओ से पूछा कि प्रोसीडिंग की कॉपी देने का नियम क्या है। इस पर सीएमओ ने बताया कि सामान्यत: इसमें कम से कम दो महीने का समय लगता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित कॉपी पर हस्ताक्षर नहीं होने के कारण देरी हुई।
नाले को लेकर भी हुई बहस –
बैठक के दौरान पार्षद शिवेन्द्र माथुर ने हरियाखेड़ा रोड़ पर बने नाले को लेकर अपनी बात रखी, उन्होने कहा कि वार्ड पार्षद को सूचना दिए बगैर भ्रमण कर लिया, निर्माणाधीन नाले का लेवल सहीं नहंी हैं, मौके पर देखकर काम करें, नहीं तो बारिश में आपदा का करना होगा सामना। पार्षद भावना विश्वास शर्मा ने साँवरिया कॉलोनी में जलभराव की समस्या उठाते हुए उसके जल्द समाधान की मांग की।
फुलमालाओं से हुआ नवनियुक्त एल्डरमेन का स्वागत –
इससे पूर्व बैठक की शुरुआत में नगर पालिका अध्यक्ष अनम कड़पा और सीएमओ चंद्रशेखर सोनिस द्वारा नवनियुक्त एल्डरमैनों नंदकिशोर महावर, अजय सकलेचा, अजयसिंह भाटी, मनोहर पांचाल, प्रमोद रावल तथा संतोष शर्मा का फूलमालाओं से स्वागत किया गया। बैठक में नपा उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा, नपा इंजिनियर महेश सोनी, लोकेश विजय, राजीव राव के साथ सभापति तथा पार्षदगण उपस्थित रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

