– निर्धारित मेन्यू अनुसार पोषण आहार नहीं देने पर अनुबंध निरस्त करने की चेतावनी, बैठक में दिए कड़े निर्देश
जावरा। कलेक्टर के निर्देशन में जिले में संचालित व्यवस्थाओं की निगरानी के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर अनियमितता सामने आई, जहां पूरक पोषण आहार, नाश्ता एवं भोजन सेवाएं बाधित पाई गईं।
इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए महिला एवं बाल विकास परियोजना जावरा ग्रामीण की परियोजना अधिकारी अंकिता पाटीदार द्वारा जनपद सभागृह जावरा में अनुबंधित सभी स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समूहों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार आंगनवाड़ी केंद्रों पर नियमित और समय पर नाश्ता व भोजन उपलब्ध कराना अनिवार्य है। साथ ही किचन शेड में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, साफ बर्तनों का उपयोग और खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निर्धारित मेन्यू का पालन नहीं हुआ तो समाप्त होगा अनुंबध –
परियोजना अधिकारी ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी केंद्र पर गुणवत्ता पूर्ण भोजन और निर्धारित मेन्यू का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित समूहों का अनुबंध तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा। बैठक के दौरान उपस्थित समूहों के अध्यक्ष और सचिवों की समस्याएं भी सुनी गईं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। यह बैठक जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रतलाम के निर्देशानुसार आयोजित की गई, जिसमें पर्यवेक्षक जमीला बानो, जया जाटव, शाखा प्रभारी जगदीशचंद्र मोर्य, अरविंद पंड्या एवं ब्लॉक समन्वयक सुनील वर्मा सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

