– हुसैन टेकरी रोज़ाना रोड पर धड़ल्ले से निर्माण, पहले भी घोषित हो चुकी है अवैध कॉलोनी
– जावरा से लगे ग्रामीण क्षेत्रों की सीमाओं पर लगा अवैध कॉलोनियों का अंबार
जावरा। शहर में अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों का खेल एक बार फिर तेज हो गया है। हुसैन टेकरी रोज़ाना रोड क्षेत्र के साथ ही शहर के कई ग्रामीण सीमाओं से जुड़े हिस्सों में कई अवैध कॉलोनियों लगातार कटती जा रही हैं, इन कॉलोनियों में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की चुप्पी से प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
पहले तोड़ी गई सड़कें, अब फिर शुरू निर्माण –
जानकारी के अनुसार जिस कॉलोनी को तत्कालीन एसडीएम हिमांशु प्रजापति के कार्यकाल में अवैध घोषित किया गया था, वहां बनी सीमेंट की सड़कों तक को प्रशासन ने उखाड़ दिया था। लेकिन अब उसी स्थान पर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बिना अनुमति बन रहा बेसमेंट –
क्षेत्र में कई जगहों पर बेसमेंट तक बनाया जा रहा है, जबकि नियमानुसार किसी भी भवन निर्माण और विशेष रूप से बेसमेंट बनाने के लिए नगर पालिका से अनुमति लेना अनिवार्य होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना अनुमति के यह निर्माण कार्य खुलेआम चल रहा है।
मिलीभगत के आरोप –
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि अवैध निर्माण और नई कॉलोनियों की प्लॉटिंग कथित मिलीभगत से हो रही है। क्षेत्र में कई जगह नई-नई अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं और प्लॉट बेचे जा रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इन अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में यह शहर की प्लानिंग और मूलभूत सुविधाओं के लिए बड़ी समस्या बन सकते हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में सख्त कदम उठाकर भूमाफियाओं पर लगाम कसता है या फिर अवैध निर्माण का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

