– तीन दिनी लोभान, महाशिवरात्रि-रमजान व भारत-पाक मैच को लेकर भी पुलिस प्रशासन अलर्ट
– पुलिस की ताबड़तोड़ बैठकें, होटल-लॉज की सख्त जांच के निर्देश
जावरा। विश्व प्रसिद्ध हुसैन टेकरी शरीफ पर आगामी दिनों में आयोजित होने वाले होली चहल्लुम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया हैं। भारी भीड़, लगातार आने वाले धार्मिक आयोजन और संवेदनशील माहोल को देखते हुए शनिवार को हुसैन टेकरी चौकी परिसर में टेकरी प्रबंधन के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएसपी युवराजसिंह चौहान ने व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए साफ शब्दों में कहा कि मेले और लोभान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तीन दिवसीय आयोजन के दौरान आने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही टेकरी पर आने-जाने वाले मार्गों, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और रात्रिकालीन गश्त को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
होटल-लॉज की होगी गहन जांच –
बैठक में चौकी प्रभारी को निर्देशित किया गया कि हुसैन टेकरी क्षेत्र में स्थित सभी होटल, धर्मशाला और लॉज की सघन जांच की जाए। ठहरने वाले बाहरी लोगों का रजिस्टर, पहचान पत्र तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। पुलिस ने साफ किया कि संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति बगैर किसी आईडी के कमरा नहीं दिया जाए।
ग्रामीण इलाकों में भी सतर्कता –
इधर औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाना परिसर में ग्राम रक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। रविवार को महाशिवरात्रि, आगामी रमजान तथा अन्य त्योहारों के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीएसपी युवराजसिंह चौहान व थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। संबंधित चौकी प्रभारी और थाना प्रभारी को तत्काल सूचना देने के निर्देश भी जारी किए गए।
भारत-पाक मैच पर भी पुलिस की नजर –
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रविवार को ही भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के दौरान भी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की भीड़, जुलूस या विवाद की स्थिति न बने। ग्रामीण अंचलों में रात्रि गश्त बढ़ाने और चौक-चौराहों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में बड़ी संख्या में ग्राम रक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

