– हिंद की चादर श्री गुरु तेगबहादुर महाराज जी की शहादत को किया नमन
जावरा। सिक्ख धर्म के नौवें गुरु, हिंद की चादर श्री गुरु तेगबहादुर महाराज जी का 350 वां शहीदी दिवस गुरुद्वारा श्री दु:ख निवारण साहिब, स्टेशन रोड पर बड़ी श्रद्धा एवं भावपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज की महिलाओं द्वारा 13 दिवसीय श्री सुखमनी साहिब पाठ से हुई, जिसके पश्चात तीन दिवसीय श्री अखंड पाठ साहिब का समापन आज प्रात: 10 बजे किया गया।
समापन उपरांत ज्ञानी हंसराज सिंह जी ने शबद कीर्तन प्रस्तुत किया तथा गुरु परंपरा एवं इतिहास के पावन प्रसंग संगत को सुनाए। समाज के बच्चों द्वारा भी मधुर शबद गायन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
गुरु तेगबहादुर महाराज जी ने हिन्दू धर्म और मानवता की रक्षा हेतु लगभग 350 वर्ष पूर्व दिल्ली के चांदनी चौक में अपना सिर बलिदान कर दिया था। उनके साथ भाई मति दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी ने भी धर्म रक्षा के लिए शहादत दी थी। शहीदी के पश्चात उनके सुपुत्र श्री गुरु गोबिंद सिंह जी दसवें गुरु के रूप में गुरु गद्दी पर विराजमान हुए और खालसा पंथ एवं देश-धर्म की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया। कार्यक्रम में ज्ञानी जी सहित समस्त संगत ने गुरु चरणों में अरदास की। कार्यक्रम उपरांत गुरु का लंगर श्रद्धापूर्वक वितरित किया गया।
इस अवसर पर समाज अध्यक्ष राजिंदर सिंह गंभीर, अमृत सिंह सेठी, हरपाल सिंह गंभीर, अशोक मोंगा, सतपाल मोंगा, मंजीत सिंह सलूजा, जसविंदर सिंह खंडूजा, कुलजीत सिंह गुर, अपार सिंह सेठी, परमजीत सिंह मदान, रिशु गंभीर, गुरजीत सिंह गंभीर, बलविंदर सिंह सेठी, जिम्मी सिंह, नवदीप सिंह सलूजा, मनमीत सिंह गुर सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी देवेन्द्र सिंह गुर द्वारा प्रदान की गई।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

