– प्रसिद्ध गोठड़ा माताजी की भविष्यवाणी सुनने मलेनी तट पर कई राज्यों के किसान
– भविष्यवाणी से पहले निकाला वाडिय़ों का चल समारोह, हवन की हुई पूर्णाहूति
जावरा/बड़ावदा। नगर से दक्षिण दिशा की और करीब 17 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम गोठड़ा में विश्व प्रसिद्ध श्री महिषासुर मर्दनी गोठड़ा वाली माताजी की भविष्यवाणी को सुनने के लिए शुक्रवार को देश के कोने कोने से हजारो की तादात में श्रृद्धालु मलेनी नदी तट पर जूटे। जहां दोपहर 2 बजकर 15 मिनीट पर माताजी के पंडे नागुलाल गायरी ने मलेनी नदी के बीच बने ओटले से वर्षभर में घटने वाली घटनाओं, फसलों में तेजी मंदी, सोने चांदी के भाव, राजनीति के साथ ही बारिश तथा प्राकृतिक आपदाओं के बारे में भविष्यवाणी की। बढ़ते तापमान में भी भारी भीड़ भविष्यवाणी सुनने पहुंची।
प्राकृतिक प्रकोप से नुकसान –
भविष्यवाणी करते हुए पंडाजी ने कहा कि इस वर्ष प्रकृति का प्रकोप रहेगा, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा। भविष्यवाणी में बताया गया कि इस वर्ष आंधी-तूफान और तेज हवाएं ज्यादा प्रभावी रहेंगी। कई स्थानों पर तेज हवा से घरों की छतें उडऩे और भवनों को नुकसान होने की आशंका
ये रहेगा इस वर्ष बारिश का गणित –
पंडाजी ने इस साल बारिश का गणित बताते हुए कहा कि वैशाख के मध्य में बारिश की शुरुआत होगी। सावन के पहले 15 दिन खंड वर्षा और बाद के 15 दिन तेज बारिश होगी। आधे वैशाख में बारिश के संकेत, ज्येष्ठ में डूमड़ा (अनिश्चित मौसम), भादवा के आधे में अच्छी बारिश होगी। इस साल कुल 7 मावठे पडऩे की संभावना भी जताई हैं। अगहन, पौष और माघ में ओलावृष्टि भी होगी।
इस मुहूर्त में खेत जुताई और बोवनी करें किसान –
पंडा जी ने भविष्यवाणी सुनने आए हजारों किसानों को बोवनी का मुर्हूत भी प्रदान किया। इस साल खेत हंकाई मुहूर्त तेरस मंगलवार, दोपहर 2 बजक 30 मिनीट से शाम 7 बजे तक रहेगा। बोवनी का सही समय बैठता आषाढ़ एकम से दशमी तक तथा आधा आषाढ़ एकम से पंचमी तक, उतरता आषाढ़ से सावन के शुरुआती 5 दिन में बोवनी करना उचित रहेगा।
किसानों के लिए जरूरी चेतावनी –
पंडा जी ने भविष्यवाणी सुनने आए हजारों किसानों को जरुरी चेतावनी देते हुए कहा कि आधा जेठ में बोवनी करने पर दोबारा बोवनी करनी पड़ सकती है, सोयाबीन में इल्ली का प्रकोप संभव हैं।
फसल और बाजार के यह रहेंगे हाल –
पंडाजी ने बताया कि इस वर्ष गेहूं, सोयाबीन और लहसुन के भाव अच्छे रहेंगे, काली वस्तुओं में भी तेजी होगी। सोना-चांदी में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, ऐसे में पंडाजी ने निवेश से बचने की सलाह दी। ब्याज दरें स्थिर रहने की संभावना
बीमारी और प्राकृतिक आपदाओं की चेतावनी –
भविष्यवाणी में बताया कि इस वर्ष कुवार, कार्तिक और अगहन में बीमारी का प्रकोप रहेगा। और बिमारी भी ऐसी रहेगी कि व्यक्ति घर या कुएं तक सीमित हो जाएगा माघ और पौष में भूकंप के संकेत भी बताए हैं। तीन बार दाह (प्राकृतिक विपत्ति) पडऩे की संभावना जताई हैं।
समाज और भविष्य के बड़े संकेत –
पंडाजी ने कहा कि जाति-पाति का भेद धीरे-धीरे खत्म होगा, अंतरजातीय विवाह बढ़ेंगे, रिश्तों में दरार बढऩे के संकेत हैं। राजनीतिक उथल-पुथल तेज होगी, एक बड़ा धमाका (राजनीतिक या युद्ध संबंधी) होने की संभावना युद्ध की स्थिति और गंभीर हो सकती हैं। इन सभी से बचाव के लिए पंडाजी ने महावीर (हनुमान जी) का हवन-पूजन करने की सलाह दी, पंडाजी ने कहा कि धार्मिक आस्था और संयम से ही आने वाले सभी संकटों का सामना करने की शक्ती मिलेगी।
निकला वाडिय़ों का चल समारोह –
शुक्रवार को दोपहर 12.15 बजे उत्तर हवन एवम पूजन, पूर्णाहुति महाआरती सम्पन्न होकर दोपहर 01 बजे माताजी के मंदिर से ज्वारा विसर्जन का भव्य चल समारोह निकला, जो गांव के प्रमुख मार्गो से होता हुआ मलेनी नदी के तट पर पंहुचा जहां वाडी विसर्जन के बाद माताजी ने भविष्यवाणी की। गोठड़ा माताजी की भविष्यवाणी सुनने कई जनप्रतिनिधियों के साथ नागदा खाचरौद विधायक डॉ तेजबहादुरसिंह के साथ राजस्थान, गुजरात ,छत्तीसगढ़, पंजाब सहित मध्यप्रदेश के कई जिलों से किसान व व्यापारी वर्षभर का भविष्य सुनने पहुंचे थे।
०००००००००००००००००००
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

