– जागनाथ महादेव मंदिर से निकाली पैदल यात्रा, तहसील तक पहुंच सौंपा ज्ञापन
– संतो के सानिध्य में रैली में शामिल हुए सैंकड़ों गौ भक्त
जावरा। गौ सम्मान आव्हान अभियान के तहत सोमवार को जावरा में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। देशव्यापी अभियान की कड़ी में यहां भी सैकड़ों गौभक्तों, संतों और जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर रैली निकाली और जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सहदेव मौरे को सौंपा गया, जिसमें गौवंश को संवैधानिक दर्जा देने और केंद्र में गोसेवा मंत्रालय की स्थापना की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
मंदिर से तहसील तक गूंजे नारों के स्वर –
रैली की शुरुआत स्थानीय जागनाथ महादेव मंदिर से संतों के सानिध्य में हुई। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए गौभक्तों ने पूरे मार्ग में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करो जैसे नारों से माहौल गूंजा दिया। रैली जागनाथ महादेव मंदिर से शुरु होकर भड़भुंजा चौक, बजाजखाना, घंटाघर चौराहा, कोठी बाजार, कमानी गेट, नीमचौक और लक्ष्मीबाई रोड होते हुए कोट परिसर स्थित तहसील कार्यालय पहुंची। जहां राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
संविधान का हवाला, केंद्र सरकार से बड़ी मांग –
रैली के रुप में तहसीलदार कार्यालय पहुंचे गौभक्तों ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 48 और 51 ए (जी) की मूल भावना का हवाला देते हुए कहा कि गौवंश की रक्षा और संवर्धन राज्य का दायित्व है। ऐसे में संविधान का हवाला देते हुए गौ रक्षकों ने राष्ट्रपति से गौ माता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक दर्जा दिया जाने, केंद्र स्तर पर गोसेवा मंत्रालय की स्थापना की जाने के साथ ही गौ संरक्षण के लिए सख्त और प्रभावी कानून लागू किए जाने की मांग की हैं।
संतों और जनप्रतिनिधियों की रही बड़ी भागीदारी –
इस रैली में संत योगेश्वरनाथ जैठाना, संत शिवानंद सुजापूर और विजय सरस्वती सहित कई संतों का सानिध्य रहा। उनके साथ बड़ी संख्या में गौभक्त, गौरक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। पूरा शहर रैली के दौरान धार्मिक और सामाजिक चेतना के माहौल में रंगा नजर आया। गौभक्तों ने साफ कहा कि यह केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और संवैधानिक पहचान का सवाल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार कर ठोस निर्णय लेगी।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

