– परिजनों ने सीएसपी से लगाई गुहार, एसपी के नाम सौंपा पत्र
– पोलेटेक्निक कॉलेज रोड़ पर पुलिस चौकी या डायल 112 का स्थायी पाईंट लगाने की उठाई मांग
जावरा। ग्राम नागदी निवासी मुकेश प्रजापत (35 वर्ष) की संदिग्ध मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पॉलिटेक्निक कॉलेज रोड पर पेड़ से लटकी मिली लाश को पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या बताया है, लेकिन मृतक के परिवार और ग्रामीणों ने इस दावे पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सवालों के जवाब और न्याय की आस में मंगलवार को परिजन सीएसपी युवराजसिंह चौहान से मिलने उनके कार्यालय पर पहुंचे और चर्चा कर एसपी के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में परिवारजनो का कहना है कि मुकेश खुशमिजाज, व्यवहारिक और जिम्मेदार व्यक्ति था। न तो घर में कोई तनाव था और न ही किसी प्रकार का बड़ा आर्थिक दबाव। मृतक के भाई ने बताया कि मुकेश का केवल 5 हजार रुपये का मामूली लेन-देन था, जो आत्महत्या का कारण बिल्कुल नहीं हो सकता।
शव की स्थिति ने बढ़ाया संदेह –
परिजन बताते हैं कि जिस तरह से शव पेड़ से लटका हुआ मिला, उसमें उसके पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे मौत का तरीका आत्महत्या जैसा प्रतीत नहीं होता। इसके साथ ही मृतक के पास कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला, जबकि वह पढ़ा-लिखा था और लिखने-पढऩे में सक्षम था।
पत्नी से मधुर संबंध, परिवार पूरी तरह से खुशहाल –
परिवार का कहना है कि मुकेश अपनी पत्नी तुलसा और दो बच्चों के साथ सुखी जीवन बिता रहा था। ऐसा कोई विवाद या परेशानी नहीं थी, जो उसे आत्महत्या जैसा कदम उठाने पर मजबूर करे। पत्नी ने भी बताया कि उसने कभी कोई चिंता, विवाद या तनाव साझा नहीं किया।
पॉलिटेक्निक कॉलेज रोड बन रहा अपराधियों का गढ़ –
स्थानीय लोगों ने बताया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज रोड अपराधियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बनता जा रहा है। यहां यह तीसरी हत्या-जैसी संदिग्ध घटना है। पूर्व में भी एक बच्चे की हत्या कर उसका शव खंडहर में फेंक दिया गया था, जिसकी आज तक कोई सुराग नहीं मिला। शाम ढलते ही यह पूरा इलाका सुनसान हो जाता है और इसका फायदा असामाजिक तत्व उठा लेते हैं।
परिवार की मांग : मामले की हत्या के रूप में जांच की जाए –
परिजनों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मुकेश की मौत की हत्या के रूप में जांच की जाए। यदि पुलिस इसे आत्महत्या मानती है, तो उसके कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाए कि किसके दबाव में उसने ऐसा कदम उठाया। दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर परिवार को न्याय दिलाया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था की मांग –
ग्रामीणों और परिजनों ने मांग की है कि पॉलिटेक्निक रोड पर अस्थायी पुलिस चौकी बनाई जाए या 112 वाहन को यहां स्थायी प्वाइंट के रूप में तैनात किया जाए, ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके। घटना से आक्रोशित परिवार ने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि वे इस मौत को कभी आत्महत्या नहीं मानेंगे। क्षेत्रवासियों में भी दहशत का माहौल है और सभी इस मामले का जल्द खुलासा चाहते हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

