– रिसोर्टों के चलते बढ़ती भीड़, ट्रकों-ट्रालों की आवाजाही से हर समय हादसे की आशंका
– कलेक्टर व एसडीएम से तुरंत प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन लागू करने की मांग
जावरा। खाचरोद नाका से सेजावता मार्ग पर दिन-ब-दिन बढ़ती भीड़ व भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा अत्यधिक बढ़ गया है। इस गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी बड़ावदा मण्डल अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने जावरा अनुविभागीय अधिकारी के साथ जिला कलेक्टर के संज्ञान में एक महत्वपूर्ण सुझावपत्र प्रस्तुत किया है, साथ ही इस समस्या से आम जन के साथ जनप्रतिनिधियो को सोश्यल मीडिया के माध्यम से भी अवगत करवाया हैं।
शर्मा ने बताया कि इस मार्ग पर करीब 6 से 7 रिसोर्ट एवं कार्यक्रम स्थल संचालित हैं, जहां लगभग प्रतिदिन विवाह व अन्य सामाजिक समारोह होते रहते हैं। आयोजनों के दौरान भारी भीड़ के चलते जाम की स्थिति सामान्य हो गई है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोग अपनी जान जोखिम में डालकर दोपहिया वाहन निकालने को मजबूर हो जाते हैं। इसी भीड़भाड़ वाले मार्ग से बड़े ट्रक व टाले लगातार गुजरते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। देश के कई शहरों में ऐसी घटनाओं की दर्दनाक मिसालें सामने आ चुकी हैं, जहां तेज रफ्तार भारी वाहनों ने भीड़ को रौंद दिया था। इसी संदर्भ में शर्मा ने एसडीएम और कलेक्टर से मांग की है कि इस मार्ग पर उज्जैन-जावरा व जावरा-उज्जैन से आने-जाने वाले भारी वाहनों के आवागमन पर तत्काल रोक लगाई जाए। अन्य वाहनों के लिए गति नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को समय रहते प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। स्थानीय नागरिकों ने भी इस कदम का समर्थन करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

