– बेरछा स्थित नाग महाराज मंदिर से पंडित मांगीलाल शर्मा की भविष्यवाणी
– लहसुन के भाव आसमान पर, सोयाबीन पर कीटों का खतरा, भूकंप और बड़े नेता की मृत्यु का भी संकेत
जावरा l चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नागदा से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम बेरछा स्थित प्रसिद्ध नाग महाराज मंदिर में पंचमी तिथि पर परंपरानुसार भविष्यवाणी की गई। मंदिर के पंडित मांगीलाल शर्मा द्वारा श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आगामी समय को लेकर कई महत्वपूर्ण भविष्यवाणियां की गईं, जिन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में भक्तजन मौजूद रहे।
पंडित जी ने बताया कि वर्तमान में चल रहा अमेरिका-ईरान युद्ध लगभग तीन माह तक चलेगा। वहीं कृषि और मौसम को लेकर कहा कि इस वर्ष तीन बार बोवनी होगी, जिसमें पहली बोवनी आधा आषाढ़ में होगी। उन्होंने बताया कि आषाढ़ माह में 5 दिन अच्छी बारिश होगी, जबकि सावन में 25 दिन वर्षा के योग हैं। भादवा माह में 8 दिन बारिश होने की संभावना है। पूरे वर्ष में चार मावठा भी पड़ेंगे और वैशाख माह में भी बारिश के संकेत हैं।
सोयाबीन में इल्ली का प्रकोप, लहसुन में तेजी –
भविष्यवाणी में कृषि को लेकर चिंता जताते हुए कहा गया कि सोयाबीन की फसल पर ईल्ली और टिड्डी दल का प्रकोप हो सकता है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा। आर्थिक स्थिति को लेकर बताया गया कि लहसुन और तेल के भाव आसमान छू सकते हैं, जबकि सोना-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव रहेगा। गेहूं के भाव वैशाख के बाद बढऩे की संभावना जताई गई है।
भूकंप के साथ किसी बड़े नेता की होगी मौत –
इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं और घटनाओं को लेकर भी संकेत दिए गए हैं। पंडित जी ने कहा कि वर्ष के दौरान भूकंप आने की संभावना है, किसी बड़े नेता की मृत्यु हो सकती है, वाहन दुर्घटनाएं और आगजनी की घटनाएं भी सामने आ सकती हैं। स्वास्थ्य को लेकर जून माह में बीमारियों के बढऩे की आशंका जताई गई, हालांकि अंत में भगवान महाकाल की कृपा से रक्षा होने का विश्वास भी व्यक्त किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु नाग महाराज मंदिर पहुंचे और दर्शन लाभ लिया। स्थानीय परंपरा के अनुसार यहां की भविष्यवाणी के आधार पर कई किसान अपनी खेती की योजना बनाते हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

