-पिकअप चालक व साथियों पर साठगांठ का आरोप, सरसी चौकी ने टाल दिया मामला
—पीडि़त बोला ‘अब जान देकर ही न्याय लूंगा’
जावरा। तहसील के ग्राम नीमन निवासी राजाराम पिता माधु जी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी अश्वगंधा फसल के साथ धोखाधड़ी कर करीब 75 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया गया है। पीडि़त का आरोप है कि गांव के ही इब्राहिम पिता शेर खां (पिकअप चालक) तथा उसके साथियों अशोक पिता हीरालाल धाकड़ और बंकटलाल पिता रामचन्द्र धाकड़ ने मिलकर साजिश रचते हुए रास्ते में ही उनकी फसल बेच दी और फसल चोरी होने की झुठी कहानी बनाई हैं। पीडि़त राजाराम ने कहा कि मामले में सरसी पुलिस चौकी पर आवेदन दिया हैं, लेकिन वहां से मामले को नीमच में चोरी होने पर वहीं पर आवेदन देने की बात बोलकर टालने का प्रयास किया गया हैं, इधर पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज राजाराम ने अब न्याय नहीं मिलने पर सरसी पुलिस चौकी पर ही आत्मदाह करने की चेतावनी दी हैं।
राजाराम के अनुसार, 15 मार्च की रात को उन्होंने अपनी अश्वगंधा के 6 कट्टे पिकअप वाहन (MP 43 L 3110) में नीमच मंडी ले जाने के लिए लोड किए थे। चालक इब्राहिम ने भरोसा दिलाया था कि वह अन्य माल के साथ उनका माल भी मंडी पहुंचा देगा। वो बस से सुबह नीमच मंडी पहुंच जाए, लेकिन 16 मार्च को जब राजाराम नीमच मंडी पहुंचे, तो चालक ने बताया कि उनका माल रास्ते में चोरी हो गया।
चोरी की कहानी झुठी, अन्य लोगों को माल कैसे सुरक्षित ? –
पीडि़त का कहना है कि यह कहानी पूरी तरह झूठी है, क्योंकि वाहन में अन्य लोगों का माल सुरक्षित था और केवल उनका ही माल चोरी होना शक पैदा करता है। साथ ही वाहन के पीछे रस्सी की जाली लगी होने के बावजूद चोरी होना भी संदिग्ध है। राजाराम ने आरोप लगाया कि तीनों आरोपियों ने मिलकर उनकी अश्वगंधा रास्ते में ही बेच दी और पैसे आपस में बांट लिए और चोरी की झुठी कहानी गढ़ दी।
सरसी चौकी ने टाल दिया मामला –
इस मामले में जब राजाराम ने सरसी पुलिस चौकी में शिकायत की, तो वहां से यह कहकर मामला टाल दिया गया कि चोरी नीमच क्षेत्र में हुई है, इसलिए शिकायत वहीं करनी होगी। हालांकि चौकी प्रभारी शिवेन्द्र कुमार ने बताया कि उन्होंने चालक और दोनों साथियों से पूछताछ की, लेकिन तीनों ने माल चोरी होने की ही बात दोहराई। पुलिस ने सभी के बयांन भी लिए है , वहीं राजाराम के साथ एक अन्य ने भी उसका एक कट्टा चोरी होना बताया हैं।
चोरी हुई तो चालक ने क्यों नहीं लिखाई रिपोर्ट –
इधर पीडि़त राजाराम का कहना है कि यदि वास्तव में चोरी हुई थी, तो वाहन चालक को तत्काल पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करानी चाहिए थी, जो नहीं की गई। इससे स्पष्ट होता है कि यह पूरी घटना सुनियोजित धोखाधड़ी है। न्याय नहीं मिलने से आक्रोशित राजाराम ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सरसी पुलिस चौकी पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह कर लेंगे। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस गंभीर मामले में कब तक कार्रवाई करती है या फिर एक किसान को न्याय के लिए अपनी जान दांव पर लगानी पड़ेगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

