– एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, 97 हजार किसानों को बीमा मिलने का दावा, कांग्रेस बोली—69 करोड़ प्रीमियम लेकर केवल 44.43 करोड़ का भुगतान, किसानों के साथ अन्याय
जावरा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2025 की खरीफ फसल का बीमा वितरण शुरू होते ही जावरा विधानसभा सहित पूरे रतलाम जिले में किसानों का आक्रोश सामने आने लगा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जावरा एवं पिपलोदा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और किसानों ने एसडीएम जावरा रचना शर्मा को ज्ञापन सौंपकर फसल बीमा राशि में कथित विसंगतियों को तत्काल दूर करने तथा वंचित किसानों को भी बीमा का लाभ देने की मांग की।
कांग्रेस के विधानसभा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह सोलंकी, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह चंद्रावत, भेरूलाल परमार और राजेश पटेल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि अधिकांश किसानों को फसल बीमा का लाभ नहीं मिला, जबकि जिन किसानों के खातों में राशि आई है, उन्हें भी नाममात्र का भुगतान किया गया है।
जिन गांवों में मिला मुआवजा, उन्ही के किसान फसल बीमा से वंचित –
सोलंकी ने वर्ष 2025 में सोयाबीन फसल नुकसान के दौरान राजस्व एवं कृषि विभाग द्वारा तैयार किए गए पंचनामा और सर्वे रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य शासन ने गत वर्ष सोयाबीन में 80 प्रतिशत से अधिक नुकसान मानते हुए रतलाम जिले के किसानों को लगभग 210 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया था। ऐसे में जिन गांवों को मुआवजा मिला, वहीं के किसानों को फसल बीमा से वंचित करना समझ से परे है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि बीमा कंपनी सैटेलाइट सर्वे के आधार पर भुगतान कर रही है, तो मुख्यमंत्री के निर्देश पर गांव-गांव जाकर राजस्व एवं कृषि विभाग द्वारा की गई फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और पंचनामा प्रक्रिया का क्या औचित्य रह जाता है।
10 प्रतिशत किसानों को भी नहीं मिला लाभ –
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह चंद्रावत ने आरोप लगाया कि जिले में 97 हजार से अधिक किसानों को फसल बीमा का लाभ मिलना था, लेकिन 10 प्रतिशत किसानों को भी इसका लाभ नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि किसानों से 69 करोड़ रुपये का प्रीमियम लेने के बावजूद बीमा कंपनी ने केवल 44 करोड़ 43 लाख रुपये का ही भुगतान स्वीकृत किया है, जो किसानों के साथ अन्याय है।
वंचितों को नहीं मिला लाभ तो 3 अगस्त को होगा एसडीएम आफीस का घेराव –
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि जिला सहकारी बैंक, सोसायटियों एवं अन्य बैंकों में फसल बीमा प्राप्त करने वाले किसानों की सूची और भुगतान राशि सार्वजनिक की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर वंचित किसानों को बीमा राशि नहीं दी गई, तो 3 अगस्त को जावरा एसडीएम कार्यालय का घेराव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इनकी रही उपस्थिति –
ज्ञापन सौंपने के दौरान युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सन्नी आंखेडिया, प्रहलाद शर्मा, पीरूलाल रोजाना, दिनेश कुमावत, रमेश शाह, देवीलाल धाकड़, पप्पू चारोंडिया, कान्हा हाड़ा, इमरान मंसूरी, अजय सारस्वत, प्रकाश भाकर, रामप्रसाद सरपंच (कलालिया), घनश्याम नायमा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

