– चेहल्लुम से पहले व्यवस्था करने की मांग, एसडीएम और सीईओ को सौंपा ज्ञापन
जावरा। जावरा-सीतामऊ रोड स्थित बामनखेड़ी रोजाना रोड पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर गंदे पानी का जमाव लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि रहवासी क्षेत्र की सड़कों पर कीचड़, बदबू और मच्छरों का प्रकोप फैल गया है, जिससे लोगों में बीमारी का डर बना हुआ है। वहीं सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भी आए दिन परेशानियों और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
आक्रोशित रहवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। क्षेत्र में नाली निर्माण नहीं होने से घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है और आसपास का कचरा भी उसी में जमा हो रहा है। इससे संक्रमण फैलने की आशंका लगातार बढ़ रही है।
आगामी दिनों में होना चेहल्लुम का आयोजन –
स्थिति इसलिए भी गंभीर है क्योंकि आने वाले दिनों में हुसैन टेकरी पर चेहलुम का बड़ा आयोजन होना है। इस दौरान देशभर से हजारों जायरीन जावरा पहुंचते हैं और इसी मार्ग से होकर हुसैन टेकरी जाते हैं। भीड़ के दौरान कई वीआईपी और प्रशासनिक अधिकारी भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।
रहवासियों ने सौंपा ज्ञापन –
समस्या को लेकर मंगलवार को हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय सचिव फारूक खान के नेतृत्व में एसडीएम जावरा सुनिल जायसवाल एवं सीईओ जनपद जावरा बलवंत नलवाया के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि बामनखेड़ी क्षेत्र में जल्द से जल्द नाली निर्माण कराया जाए तथा सड़क पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
नहीं सुधरे हालात तो जवाबदारी प्रशासन की –
हम के राष्ट्रीय सचिव फारूक खान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया और किसी प्रकार की दुर्घटना या बीमारी फैलती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि चेहलुम जैसे महत्वपूर्ण आयोजन से पहले इस मार्ग की बदहाल स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। ज्ञापन के दौरान लखन मेवाड़ा, प्रकाश चंद्र, अभिषेक, जितेन्द्र, सलमान, भय्यु, शब्बीर, तालीब, रुखसार, शम्शु, अनार बाजी सहित बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित रहे।



Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

