– संयुक्त व्यापारी महासंघ के पदाधिकारियों ने एसपी से की मुलाकात
– पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
जावरा। शहर के व्यस्ततम बाजार बाजाजखाना में कोठारी ज्वेलर्स पर हुई करोड़ों की चोरी अब तक ट्रेस नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे है। बदमाशा पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के भतीजे प्रकाश कोठारी की दुकान से अज्ञात बदमाश करीब 3 क्विंटल चांदी और 5 किलो सोना ले उड़े थे। लेकिन चोरी को एक माह बीतने के बाद भी अब तक बदमाशों तक पुलिस नहीं पहुंची है। ऐसे में जावरा संयुक्त व्यापारी महासंघ के विभिन्न एसोसिएशन पदाधिकारियों का एक 15 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने एसपी राहुल कुमार लोढ़ा से सर्राफ प्रकाश कांठेड़ के नेतृत्व में रतलाम में मिला। व्यापारी महासंघ अध्यक्ष प्रकाश कोठारी के यहां हुई 5 करोड़ की चोरी मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को पकडऩे की मांग की।
मुलाकात के दौरान पदाधिकारियों ने एसपी से कहा कि नगर के मध्यक्षेत्र में पुलिस चौकी के ठीक समीप इस तरह इतनी बडी चोरी होने से आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना व्याप्त होकर भय का वातावरण बना हुआ है। एसपी राहुल कुमार लोढा ने प्रतिनिधि मंडल को बताया कि पुलिस विभाग इस मामले में पूरी तरह से सजग ओर तत्पर है, पुलिस प्रशासन के जवान व अधिकारी उसी क्षेत्र में लगातार रह कर बारिकी से अध्ययन कर सुराग एकत्रित करने में मुस्तैदी से लगे है। पुलिस कार्रवार्ई प्राथमिकता से की जा रही है। शीघ्र ही आरोपी पकडे जाएगे।
इनकी रही मौजुदगी –
प्रतिनिधि मंडल में किराना व्यवसायी प्रदीप शर्मा, स्वर्णकार समाज प्रदेशाध्यक्ष कमल सर्राफ, उद्योगपति पारस गंगवाल, युवा मोर्चा कोषाध्यक्ष सौरभ पगारिया, दलाल एसो. अध्यक्ष श्रेणिक धारीवाल, प्रोपर्टी ब्रोकर एसो. अध्यक्ष सुभाष डुंगरवाल, इलेक्ट्रानिक्स फर्नीचर व्यवसायी धनसुख जैन, मंडी व्यापारी दीपक कोलन, कालोनाईजर अजय पगारिया, सराफा व्यवसायी राजकुमार जैन, नारायण पहलवान, महेन्द्र अग्रवाल, सुरेन्द्र नवलक्खा आदि शामिल थे।


