– सकल पंच दर्जी समाज के तत्वावधान में कलश यात्रा, चल समारोह, महाआरती और धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
जावरा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जावरा नगर में श्री दामोदरवंशी जूनू गुजराती दर्जी समाज सकल पंच, जावरा द्वारा गुरु टेकचंदजी महाराज के 20 वें वर्षगांठ महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक आयोजन एवं चल समारोह का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया।
आयोजन की शुरुआत कलश यात्रा एवं गुरु पूजन से हुई, जिसके बाद नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में बढ़-चढ़कर भाग लिया। चल समारोह लालागली स्थित श्री सत्य नारायण मंदिर से प्रारंभ होकर सोमवारियां, शुक्रवारियां, पीपली बाजार, जवाहर पथ, भडभुंजा चौक, बजाजखाना, घंटाघर चौराहा, कोठी बाजार, कमानी गेट, नीम चौक, पिंजारवाड़ी, आजाद चौक से होकर पुन: लालागली पहुंचकर समाप्त हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने गुरु टेकचंदजी महाराज के जयकारों के साथ भक्ति का वातावरण निर्मित किया।
विधायक सहित समाजजनों ने की सहभागिता –
चल समारोह में स्थानीय विधायक डॉ राजेन्द्र पाण्डेय, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि मोहम्मद युसूफ कड़पा, नपा उपाध्यक्ष सुशिल कोचट्टा के साथ समाज के वरिष्ठजन भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजित महाआरती, धार्मिक अनुष्ठान एवं सत्संग में बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लेकर गुरु कृपा का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान समाज की एकता, धार्मिक परंपराओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाने का संदेश भी दिया गया। चल समारोह का नगर में अलग अलग स्थानों पर स्वागत किया गया। शहर के घंटाघर चौराहे पर भाजपा नगर मंडल ने मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा के नेतृत्व में चल समारोह का स्वागत किया।
आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही भूमिका –
समारोह का आयोजन सकल पंच दर्जी समाज, जावरा के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष मनोहरलाल धारवा परमार, उपाध्यक्ष राधेश्याम देवड़ा, सचिव दीपक परमार, संरक्षक रमेश मकवाना, जगदीश मकवाना, नवयुवक मंडल के रविराज हेमावत, मनोज सोलंकी, महेन्द्र मकवाना, संजय मकवाना, विजय हेमावत, प्रभुलाल सोलंकी, आकाश परमार सहित समस्त पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं समाजजनों का विशेष योगदान रहा। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के समापन पर समाज की सुख-समृद्धि, एकता एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

