– निचली बस्तियों में भरा पानी, शंकर मंदिर पुलिया के नीचे से बह निकला पानी
– गत वर्ष से 9 इंच कम हुई बारिश
जावरा। लंबी खेंच के बाद क्षैत्र में बारिश का दौर लगातार प्रारंभ है, बीते दो दिनों से लगातार बारिश जारी है, बीते चौबीस घंटों में करीब 6 इंच बारिश दर्ज की गई, वहीं शनिवार को भी दिन भर कभी तेज तो कभी बुंदाबांदी के साथ बारिश का दौर जारी रहा। जिसके बारिश का कुल आंकड़ा 46 इंच तक पहुंचा गया। बीते चौबीस घंटों से जारी बारिश के चलते नदी, नालों के साथ निचली बस्तियां जल मग्र हो गई। झमाझम बारिश के चलते जन जीवन भी अस्त व्यस्त हो गया।
अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार शुक्रवार रात से शुरू हुई झमाझम बारिश शनिवार को भी दिनभर जारी रही। सुबह 8 बजे तक करीब 3 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी थी। वहीं 8 बजे बाद भी 3 इंच बारिश होने का अनुमान है। 24 घंटे में शहर में करीब 6 इंच बारिश गिर चुकी है, इस वर्ष अब तक 46 इंच यानि करीब 1150 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है। फिर भी यह गत वर्ष से 9 इंच कम है। गत वर्र्ष इस अवधि में 1369 मिली मीटर यानि 55 इंच बारिश अब तक हो चुकी थी। आज रविवार को भी बारिश का जौर रहेगा। शहर में हो रही झमाझम के चलते नगर की सड़के, कॉलोनी ओर गलियों में जल जमाव हो गया। पीलिया खाल व रपट रोड़ पुलिया सतत् करीब 10 घंटे तक उफान पर रही। निचली बस्तियों में भी जलजमाव के चलते घरों में पानी भर गया। खाल के आसपास के मकान-दुकानों में पानी भर गया। आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के नदी-नाले भी पूरे उफान पर रहे। पुराना तालाब फूल होने से पिंगला नदी उफान पर रही। घंटाघर चौराहे पर संचालित हो रही सोना, चांदी की दुकानों में पानी जमा हो गया। शहर सहित कुम्हारीपुरा, हम्मालपुरा, नानासाहब का मोहल्ला सहित निचली बस्तियों के घरों में पानी घुस गया। परिजन देरशाम तक घरों में जमा पानी निकालते नजर आए। पाश कॉलोनी में भी यहीं हालात रहे। गांधी चौराहे पर नालिया जाम हो गई। नगर पालिका अमले ने पूर्व नपाध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ कड़पा के साथ निचली बस्तियों में मौका मुआयना कर व्यवस्थाओं में पूर्ण रूप से सुधार किया।

