– उमंग सिंघार के नेतृत्व में विधायकों ने गांधी प्रतिमा के सामने जताया विरोध, सरकार की आर्थिक नीतियों पर लगाए गंभीर आरोप
भोपाल। विधानसभा सत्र के तीसरे दिन प्रदेश की आर्थिक स्थिति और लगातार बढ़ते कर्ज को लेकर कांग्रेस विधायक दल ने जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष हाथों में खाली गुल्लक और नारे लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे और सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
गांधी प्रतिमा के सामने अनोखा प्रदर्शन –
कांग्रेस विधायकों ने खाली गुल्लक दिखाकर यह संदेश देने की कोशिश की कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लगातार कर्ज लेकर वित्तीय संकट को बढ़ा रही है और आम जनता पर बोझ डाल रही है। इस दौरान नारेबाजी भी की गई और सरकार से आर्थिक पारदर्शिता की मांग उठाई गई।
प्रदेश पर 5 लाख करोड़ से ज्यादा का कर्ज –
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि प्रदेश पर कुल कर्ज बजट से भी अधिक हो चुका है। उनका आरोप था कि सरकार लगातार कर्ज पर कर्ज ले रही है और मध्यप्रदेश के हर वर्ग की कमर टूट चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की तिजोरी खाली होती जा रही है और सरकार ने राज्य पर 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लाद दिया है।
जनता के टैक्स से कर्ज लेकर घी पी रही सरकार –
सिंघार ने कहा कि बजट सत्र से पहले ही 5,600 करोड़ रुपये का नया कर्ज लिया जाना इस बात का संकेत है कि प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के टैक्स के पैसों से कर्ज लेकर विकास के नाम पर केवल भ्रम फैला रही है और महंगाई से आम आदमी परेशान है।
आर्थिक सर्वेक्षण पर भी सवाल –
नेता प्रतिपक्ष ने आर्थिक सर्वेक्षण को झूठ का पुलिंदा बताते हुए दावा किया कि सर्वेक्षण में प्रति व्यक्ति मासिक आय 15-20 हजार रुपये बताई गई है, जो जमीनी हकीकत से काफी दूर है। उन्होंने सरकार से प्रदेश की वास्तविक आर्थिक स्थिति सार्वजनिक करने और बढ़ते कर्ज पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

