– 256 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई, पत्नी के नाम की जमीन भी कार्रवाई के दायरे में आई
जावरा/रतलाम। मादक पदार्थों की तस्करी कर अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ रतलाम पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा के डोडाचूरा तस्करी के आरोपी रमजानी खान की करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य की तीन संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हुए हैं। खास बात यह है कि फ्रीज की गई संपत्तियों में आरोपी की पत्नी के नाम पर दर्ज कृषि भूमि भी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए SAFEMA के सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, मुंबई के समक्ष प्रकरण प्रस्तुत किया था।
256 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा तस्करी से जुड़ा है मामला –
यह कार्रवाई थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा के अपराध क्रमांक 545/2019 से संबंधित है। इस मामले में आरोपी रमजानी खान पिता गुलाब खान के विरुद्ध 256 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा (पोस्त भूसा) की तस्करी के आरोप में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 15, 25, 27, 29 एवं 31 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस द्वारा आरोपी की संपत्तियों को फ्रीज करने के लिए की गई कार्रवाई की पुष्टि सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक (SAFEMA/NDPSA), मुंबई ने 2 नवंबर 2026 को NDPS एक्ट की धारा 68F(2) के तहत कर दी।
इन तीन संपत्तियों पर चला कार्रवाई का डंडा –
फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताया गया है। जिसमें –
1. ग्राम उमटपालिया स्थित सर्वे नंबर 202/1 की 0.28 हेक्टेयर कृषि भूमि, कीमत लगभग 50 लाख रुपये।
2. ग्राम उमटपालिया स्थित भूमि क्रमांक 31, कीमत लगभग 20 लाख रुपये।
3. ग्राम उमटपालिया स्थित सर्वे नंबर 202/2 की 0.28 हेक्टेयर कृषि भूमि, कीमत लगभग 50 लाख रुपये। यह संपत्ति आरोपी की पत्नी के नाम पर दर्ज है।
पुलिस ने 100 करोड़ से अधिक की संपत्तियों के प्रकरण SAFEMA कोर्ट भेजे –
रतलाम पुलिस के अनुसार नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए प्रकरण SAFEMA कोर्ट भेजे जा चुके हैं। इनमें से लगभग 39 करोड़ 24 लाख रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं।
नशे के कारोबार पर आर्थिक चोट, आगे भी होगी कार्रवाई –
रतलाम पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि अब नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी और मुकदमे तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अन्य लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है, जिनकी संपत्तियां मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित की गई हैं।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा के निरीक्षक सुमित मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार एवं आरक्षक सुनीता जाट की सराहनीय भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

