– त्योहारी भीड़ को देखते हुए जावरा यातायात पुलिस का विशेष प्लान
– सात मार्गों पर तीन व चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित; छोटे लोडिंग वाहनों के लिए भी समय सीमा निर्धारित
जावरा। दीपावली के त्योहार पर शहर के बाजारों में उमडऩे वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए जावरा यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 5 नवंबर 2026 से दीपावली पर्व की समाप्ति तक शहर के मध्य स्थित त्योहारी बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वन-वे व्यवस्था, नो-एंट्री जोन, पार्किंग स्थल और लोडिंग वाहनों के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, सीएसपी जावरा युवराजसिंह चौहान एवं यातायात पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह व्यवस्था लागू की जाएगी। यातायात पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
वन-वे व्यवस्था से गुजरेगा बाजार का ट्रैफिक, दो वैकल्पिक मार्ग निर्धारित –
जावरा शहर ट्राफिक टीआई रवि वर्मा ने बताया कि दीपावली के दौरान बाजार में जाम की स्थिति बनने से रोकने के लिए दो प्रमुख वन-वे मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
पहला मार्ग : रतलामी गेट से लक्ष्मणबाई रोड होते हुए नीम चौक, आजाद चौक, सोमवारिया, रावण दरवाजा, शहरपनाह रोड एवं बोर्डिंया कुआं होकर सागरपेशा रोड तक यातायात संचालित होगा।
दूसरा वैकल्पिक मार्ग : रावण दरवाजा से गीता भवन, खाचरौद नाका, हॉस्पिटल रोड होते हुए रतलामी गेट से स्टेशन रोड तक यातायात संचालित किया जाएगा।
सात मार्गों पर तीन और चार पहिया वाहनों की नो-एंट्री –
टीआई वर्मा ने बताया कि त्योहारी बाजार में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शहर के सात प्रमुख मार्गों पर तीन पहिया एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जिनमे ये मार्ग शामिल हैं –
1. गुन्ना चौक से भड़भूजा चौक की ओर।
2. हाथीखाना पुल से जवाहर पथ की ओर।
3. नीम चौक से कमानी गेट की ओर।
4. आजाद चौक से सराफा बाजार की ओर।
5. कमानी गेट से सराफा बाजार की ओर।
6. पंचम बुक स्टोर से पोपली बाजार की ओर।
7. गोवर्धन चौराहा से आजाद चौक की ओर।
इन मार्गों पर निर्धारित प्रतिबंध का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में वाहनों की अनावश्यक आवाजाही रोकना और पैदल खरीदारी करने वाले लोगों को राहत देना है।
चार पहिया और तीन पहिया वाहनों के लिए बनाए पार्किंग स्थल –
यातायात पुलिस ने बाजार में आने वाले वाहन चालकों की सुविधा के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं।
– हाथीखाना : समस्त चार पहिया एवं तीन पहिया वाहनों की पार्किंग।
– गुन्ना चौक (SBIबैंक के पास) : चार पहिया एवं तीन पहिया वाहनों की पार्किंग।
– रामबाग (श्री गोवर्धन नाथ मंदिर के पास) : चार पहिया एवं तीन पहिया वाहनों की पार्किंग।
– बोर्डिया कुंआ : चार पहिया एवं तीन पहिया वाहनों की पार्किंग।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि बाजार के प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित न हो।
छोटे लोडिंग वाहनों के लिए भी समय सीमा तय, रात 9 बजे बाद ही मिलेगी छूट –
दीपावली के दौरान बाजार में जाम की स्थिति से बचने के लिए छोटे लोडिंग वाहनों, जैसे छोटा हाथी, लोडिंग ऑटो और पिकअप वाहनों के लिए भी विशेष समय सीमा निर्धारित की गई है।
– सभी व्यापारी एवं वाहन चालक सुबह 10 बजे से पहले अपना माल अनलोड कर वाहन को बाजार क्षेत्र से बाहर निकालना सुनिश्चित करेंगे।
– सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक बाजार क्षेत्र में छोटे हाथी, लोडिंग ऑटो और पिकअप वाहनों का प्रवेश एवं माल अनलोड करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
– व्यापारी रात 9 बजे के बाद ही बाजार क्षेत्र में माल अनलोड कर सकेंगे।
निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस की आमजन और व्यापारियों से अपील –
जावरा यातायात पुलिस ने शहरवासियों, व्यापारियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से खरीदारी के लिए आने वाले लोगों से अपील की है कि दीपावली के दौरान असुविधा से बचने के लिए चार पहिया एवं तीन पहिया वाहनों को लेकर मुख्य बाजार क्षेत्र में प्रवेश न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें तथा वन-वे और नो-एंट्री व्यवस्था का पालन करें। इससे त्योहार के दौरान बाजार में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम खरीदारी का अवसर मिलेगा।
क्या मिलेगा आम जनता और व्यापारियों का सहयोग ? –
अब देखना यह होगा कि दीपावली के इस विशेष ट्रैफिक प्लान को शहर के नागरिक और व्यापारी कितना सहयोग देते हैं। क्योंकि बाजार में लगने वाले जाम से राहत दिलाने की जिम्मेदारी जितनी यातायात पुलिस की है, उतनी ही आमजन की भी है। जावरा यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

