– काकरवा बालाजी की दो डेयरियों का निरीक्षण, करीब 20 किलो मावा निर्माण करते मिला; 50 लीटर दूध भी जांच के दायरे में
जावरा। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल एवं खाद्य औषधि प्रशासन रतलाम की टीम ने जावरा तहसील के काकरवा बालाजी क्षेत्र में दूध डेयरी एवं किराना दुकानों का निरीक्षण किया।
विभागीय टीम ने बालाजी दूध डेयरी एवं किराना स्टोर, काकरवा बालाजी का निरीक्षण किया। यहां मौके पर विक्रय के लिए मावा निर्माण किया जा रहा था। जांच के दौरान करीब 20 किलो मावा पाया गया। वहीं फ्रीजर में संग्रहित 5 किलो मावा में से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नमूना लिया गया। इसके अलावा दो केनों में विक्रय के लिए संग्रहित लगभग 50 लीटर दूध भी मिला। इसमें से भैंस के दूध का नमूना जांच के लिए लिया गया। इसी क्रम में टीम ने सोलंकी किराना, काकरवा बालाजी का भी निरीक्षण किया। यहां निर्माण के बाद विक्रय के लिए संग्रहित मावे का नमूना लिया गया।
लाइसेंस प्रदर्शित करने और साफ-सफाई के निर्देश –
निरीक्षण के दौरान दोनों फर्म संचालकों को खाद्य लाइसेंस दुकान पर प्रदर्शित करने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

