– रतलाम पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, दबिश में निवास से उजागर हुई एमडी बनाने की फैक्ट्री
– बड़ी मात्रा में एमडी के साथ कई गिरफ्तार, पुलिस को हथियार से मिले
जावरा । रतलाम पुलिस ने मादक पदार्थ एमडी के खिलाफ ऐतिहासिक और अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुंबई पुलिस द्वारा 10 किलो एमडी के साथ दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब रतलाम पुलिस ने बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए जिले के ग्राम चिकलाना में एमडी बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
एसपी अमित कुमार के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने उस ठिकाने पर छापा मारा, जहां बड़े पैमाने पर एमडी ड्रग तैयार की जा रही थी। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, एएसपी ग्रामीण विवेक लाल, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान सहित जावरा व कालूखेड़ा थाने का भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की कार्रवाई अभी भी जारी है।
सूत्रों के अनुसार तड़के पुलिस ने चिकलाना में दिलावर पठान के निवास पर दबिश दी, जहां यह अवैध एमडी बनाने की फैक्ट्री संचालित हो रही थी। मौके से अब तक 16 लोगों की गिरफ्तारी की सूचना है। पुलिस ने लगभग 10 किलो एमडी ड्रग के साथ-साथ हथियार भी बरामद किए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
आजाद समाज पार्टी से लड़ा था विधानसभा चुनाव –
बताया जा रहा है कि दिलावर पठान ने वर्ष 2023 का विधानसभा चुनाव आजाद समाज पार्टी (चंद्रशेखर रावण) के प्रत्याशी के रूप में लड़ा था, हालांकि वर्तमान में वह पार्टी के किसी पद पर नहीं है। रतलाम पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले का पूरी तरह खुलासा दोपहर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में होने की संभावना है, जिसमें बरामद सामग्री और नेटवर्क से जुड़े अन्य खुलासे किए जा सकते हैं। रतलाम पुलिस की यह कार्रवाई प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर अब तक की सबसे कड़ी चोट मानी जा रही है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

