– 30 दिनों तक समाजजन रखेंगे रोज़ा, फिर मनाएंगे मिठी ईद
जावरा। मुस्लिम सम्प्रदाय का इबादत का पवित्र माह माह ए रमजान सोमवार को चांद दिखने के साथ ही शुरु हो गया है, मंगलवार को समाजजन पहला रोज़ा रखेंगे। सोमवार को चांद दिखने के साथ ही समाजजनों द्वारा तराबीह नमाज़ अदा की गई। चांद दिखने के साथ ही एक दुसरे को माह ए रमजान की बधाई दी गई। मंगलवार को अल सुबह पहली सहरी होगी और सहरी के साथ ही पहले रोजे से रमजान की शुरुआत हो जाएगी। रमजान के महीना को मुस्लिम धर्मग्रंथों में बरकतों और रहमतों वाला बताया गया है। माना जाता है कि इस महीने में की गई इबादत से पुण्य का फल आम दिनों से कई फीसदी ज्यादा मिलता है। इसी कारण रमजान महीने में मुसलमान ज्यादा से ज्यादा पुण्य कार्य करते हैं।
सीरत कमेटी के आसिफ अनवर घड़ी वाले चाचा ने बताया कि मजहब ए इस्लाम में रमजान महीने की बडी फजीलते बयां की गई हैं। इस महीने का इंतजार हर मुसलमान को रहता है, इस महीने के हर एक दिन को आम दिनों के मुकाबले हजार गुना बेहतर माना गया है। मुस्लिम समुदाय के सभी लोगों के लिए रोजा रखना फर्ज माना जाता है।


