– सैलाना-बाजना के CDPO को नोटिस जारी करने के निर्देश; सुपरवाइजरों पर भी होगी वेतन कटौती की कार्रवाई
रतलाम। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सख्त रुख अपनाया है। स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभागीय कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए, जिसका असर धरातल पर दिखाई दे। उन्होंने कहा कि छुप-छुपकर की जाने वाली कार्रवाई का कोई मतलब नहीं है। कार्रवाई का दिखना भी जरूरी है। पिछले माह दिए गए निर्देशों के पालन में सीएमएचओ द्वारा की गई कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि कार्रवाई का प्रभाव और परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
8 प्रतिशत स्क्रीनिंग पर भड़के कलेक्टर, डॉक्टरों को ग्रामीण क्षेत्रों में भेजने की तैयारी –
रतलाम शहर में गैर संचारी रोग (NCD) के अंतर्गत ब्लड प्रेशर, मधुमेह एवं कैंसर की स्क्रीनिंग मात्र 8 प्रतिशत किए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि स्क्रीनिंग कार्य में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों को आलोट एवं बाजना क्षेत्र में पदस्थ करने का प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि कुछ डॉक्टर शहर में पदस्थ रहकर अपना मूल कार्य नहीं कर रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सेवाएं देने वाले और शहर में पदस्थ होने के इच्छुक डॉक्टरों को शहर में पदस्थ करने के संबंध में भी प्रस्ताव तैयार किया जाए।
#ऑनलाइन एंट्री नहीं करने वाले CHO पर होगी कार्रवाई –
कलेक्टर ने टीकाकरण सहित स्वास्थ्य विभाग की सभी गतिविधियों की ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत किए जा रहे प्रत्येक कार्य का उचित रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज होना चाहिए। ऑनलाइन एंट्री नहीं करने वाले कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHO) के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
कम मिजल्स-रूबेला टीकाकरण पर चार ANM का 15-15 दिन का वेतन कटेगा –
मिजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान की समीक्षा के दौरान कम उपलब्धि पाए जाने पर कलेक्टर ने चार एएनएम के विरुद्ध वेतन कटौती की कार्रवाई के निर्देश दिए। इनमें अनिता खैरात, गीता मकवाना, सुनीता शक्तावत एवं भगवती पडियार शामिल हैं। चारों का 15-15 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।
कुपोषित बच्चों के उपचार में लापरवाही, सैलाना और बाजना के CDPO को नोटिस –
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कुपोषित बच्चों के उपचार एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए अपेक्षित कार्य नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सैलाना एवं बाजना के बाल विकास परियोजना अधिकारियों (CDPO) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग अपने मूल दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करे। कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती करवाया जाए तथा उनके पोषण स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जाए।
सुपरवाइजर अनीता धौलपुरिया का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश –
बैठक में शहर सुपरवाइजर अनीता धौलपुरिया का 15 दिवस का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा शांता वर्मा एवं सुशीला मेड़ा के विरुद्ध भी वेतन कटौती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद –
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली जैन, मेडिकल कॉलेज के डीन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

