– पुष्पेन्द्र बॉस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड, निलंबन अवधि में कलेक्टर कार्यालय रतलाम रहेगा मुख्यालय
रतलाम। शासकीय सेवा की गरिमा के विपरीत आचरण और आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में धमकीपूर्ण एवं उत्तेजक संदेश प्रसारित करना एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सख्त कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय पिपलोदा में पदस्थ सहायक वर्ग-3 कर्मचारी पुष्पेन्द्र बॉस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी निलंबन आदेश के अनुसार कर्मचारी द्वारा आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में भेजे गए संदेशों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 (1) के प्रावधानों के विपरीत पाया गया। प्रथम दृष्टया इस कृत्य को अनुशासनहीनता, कदाचरण एवं घोर लापरवाही की श्रेणी में माना गया है। मध्यप्रदेश सिविल सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान पुष्पेन्द्र बॉस का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय रतलाम रहेगा। वे सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। कलेक्टर की इस कार्रवाई को शासकीय कार्यालयों में अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

