– सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा ने सीबीएसई क्लस्टर कराटे प्रतियोगिता में रचा इतिहास, जावरा का बढ़ाया गौरव
जावरा। खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा, मेहनत और अदम्य साहस का शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल, जावरा की होनहार छात्रा नेहल खान ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शाजापुर में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर कराटे प्रतियोगिता में नेहल ने स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जावरा शहर और उज्जैन संभाग का नाम रोशन किया है। 16 से 19 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में करीब 1800 छात्राओं ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबलों के बीच नेहल खान ने बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
उज्जैन संभाग से गोल्ड जीतने वाली एकमात्र खिलाड़ी –
नेहल खान की इस उपलब्धि को और भी खास इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि पूरी प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग से स्वर्ण पदक हासिल करने वाली वह एकमात्र खिलाड़ी बनीं। उनकी इस सफलता ने जावरा को खेल जगत में एक नई पहचान दिलाई है।
विद्यालय में खुशी की लहर –
नेहल की इस ऐतिहासिक सफलता पर सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने छात्रा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर देवेंद्र मूणत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नेहल ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास से यह मुकाम हासिल किया है। पूरे संभाग से एकमात्र स्वर्ण पदक जीतना विद्यालय और जावरा शहर के लिए गर्व का विषय है।
प्रेरणास्त्रोत बनेगी नेहल की उपलब्धी –
प्राचार्य भाविक मूणत ने नेहल को बधाई देते हुए कहा कि खेलों में इस स्तर की सफलता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को दर्शाती है। नेहल की उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। एकेडमिक कॉर्डिनेटर पूर्वी मूणत ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेहल ने पढ़ाई के साथ खेल के मैदान में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर सेंट पॉल्स परिवार, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने नेहल खान को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

