– अल्पवर्षा से खाद की मांग और बिक्री में 50त्न की गिरावट, मत्स्य पालन के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण का सुझाव
– विभागीय कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी पर सदस्यों ने जताई नाराजगी।
जावरा हेडलाइंस, रतलाम। जिला पंचायत सभागार में आयोजित जिला पंचायत की स्थाई कृषि समिति की बैठक में किसानों की समस्याओं, कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष डीपी धाकड़ ने की। इस दौरान कृषि विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में समिति अध्यक्ष डीपी धाकड़ ने शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सूची मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे योजनाओं का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचने की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। उद्यानिकी विभाग से जिले में वितरित किए गए फलदार पौधों की संख्या और उनसे लाभान्वित क्षेत्रफल की जानकारी मांगी गई। वहीं मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों को मछली पालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने का सुझाव दिया गया।
अल्पवर्षा से खाद की मांग में 50 प्रतिशत की गिरावट –
बैठक में अल्पवर्षा के चलते जिले में खाद की मांग कम होने का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने जानकारी दी कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष खाद की मांग और बिक्री लगभग 50 प्रतिशत रह गई है।
जनप्रतिनिधियों की अनदेखी पर सदस्यों ने जताई नाराजगी –
बैठक में अध्यक्ष डीपी धाकड़ सहित सदस्य महेंद्र सिंह, शरद डोडिया, चंपा चंदू एवं अन्य सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने विभागीय आयोजनों और कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को सूचना नहीं देने तथा उन्हें नजरअंदाज किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों से जुड़े कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक में रतलाम जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने का महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

