– लायंस क्लब जावरा की अपनी टीम का पहला सफल नेत्रदान
जावरा। नेत्रदान महादान की भावना को वास्तविक रूप देते हुए लायंस क्लब जावरा ने अपनी नई नेत्र संग्रहण केंद्र परियोजना के तहत शहर में एक अभूतपूर्व सेवा कार्य किया। समाजसेवी स्व. सुभाष पटवा का नेत्रदान संस्था की त्वरित कार्रवाई और समर्पित टीम के प्रयासों से सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया। इस नेत्रदान से दो व्यक्तियों को नई रोशनी मिली और मानवता को एक अनमोल संदेश।
नेत्र उत्सर्जन की संपूर्ण प्रक्रिया लायंस नेत्र चिकित्सालय की मेडिकल टीम और डॉक्टर यश हाड़ा के निर्देशन में समय पर और अत्यंत संवेदनशीलता के साथ सम्पन्न हुई। पटवा परिवार द्वारा दी गई सहमति ने इस सेवा कार्य को और भी प्रेरणादायक बना दिया। लायंस क्लब ने परिवार का आभार व्यक्त करते हुए इसे मानवीय सेवा का अद्वितीय उदाहरण बताया। इस पुण्य कार्य में पूर्वाध्यक्ष लायन विजय पामेचा एवं समाजसेवी गुड्डू पामेचा की भूमिका भी उल्लेखनीय रही।
लायंस क्लब की प्रशिक्षित टीम तैयार –
लायंस क्लब जावरा के अध्यक्ष लायन यश जैन एडवोकेट ने बताया कि अब तक सात नेत्रदान संस्था द्वारा करवाए जा चुके हैं, पर हर बार बाहरी टीम को बुलाना पड़ता था। अब हमारी खुद की प्रशिक्षित टीम तैयार है, जिससे जावरा में नेत्रदान हेतु किसी भी प्रकार की प्रतीक्षा नहीं होगी। किसी भी संस्था या परिवारजन द्वारा इच्छा व्यक्त करते ही हमारी टीम तत्काल पहुंचकर पूरी प्रक्रिया पूर्ण करेगी। इस अवसर पर समिति चेयरमैन लायन मनीष कोचर, पूर्वाध्यक्ष लायन विजय पामेचा, पिंकेश मेहरा, विजय राठौर सहित अनेक लायन साथी व समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने स्व. सुभाष जी पटवा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर नेत्रदान जागरूकता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। संस्था द्वारा इस सत्र का दूसरा तथा स्वयं की टीम द्वारा पहला सफल नेत्रदान जावरा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिसने शहर में मानवता और सेवा का नया मानक स्थापित किया है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

