– भव्य वर्मा, भव्य ललवानी और अब्दुल कादिर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बढ़ाया विद्यालय का गौरव, प्रबंधन ने दी शुभकामनाएं
जावरा। हौसलों को बुलंदी का जामा पहना दिया जाए तो अक्सर नए कीर्तिमान रचे जाते हैं। इसी कथन को चरितार्थ करते हुए स्थानीय सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल, जावरा के तीन विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर संभाग स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
विद्यालय के भव्य वर्मा, भव्य ललवानी और अब्दुल कादिर ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चयन प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है।
संस्था के डायरेक्टर देवेंद्र मूणत ने बताया कि तीनों विद्यार्थियों ने अपने प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में निरंतर कठिन परिश्रम किया, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी संभाग स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभाशीष एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
खेल प्रतिभाओं को निखारने संचालित होती खेल गतिविधियां –
विद्यालय के प्राचार्य भाविक मूणत ने कहा कि विद्यालय में लंबे समय से खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का नियमित संचालन किया जा रहा है। विद्यार्थियों का यह चयन इस बात का प्रमाण है कि सच्ची लगन और ईमानदार प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी विद्यालय के छात्र वंश मेहता राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ा चुके हैं। संस्था की मैनेजर पूर्वी मूणत ने कहा कि हर सफलता के पीछे सही मार्गदर्शन, अनुशासित प्रशिक्षण और अथक मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान होता है। चयनित विद्यार्थियों ने इन सभी गुणों का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने चयनित खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

