– डिवाइडर पर काफी देर से बैठा था युवक, अचानक चलते ट्रक के नीचे आया; औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रक किया जब्त, जांच जारी
जावरा। बुधवार सुबह चौपाटी पेट्रोल पंप के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की चलते ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना को लेकर फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक दुर्घटनावश ट्रक की चपेट में आया या उसने जानबूझकर ट्रक के सामने जाने का प्रयास किया। पुलिस दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक काफी देर से सड़क के डिवाइडर पर बैठा हुआ था। कुछ समय बाद वह अचानक चलते ट्रक की ओर गया और उसकी चपेट में आ गया। घटना के वास्तविक कारण को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। CCTV फुटेज और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बिलपांक थाना क्षैत्र के नौगांव जागीर हैं मृतक –
मृतक की पहचान जगन्नाथ पिता शंकरलाल चौधरी, निवासी ग्राम नौगांव जागीर, थाना बिलपांक के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जावरा शहर एवं औद्योगिक क्षेत्र पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और शव को जावरा सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया।
हुआ यातायात प्रभावित –
हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्थित करवाते हुए जाम खुलवाया। इधर, मृतक के परिजन भी जावरा सिविल हॉस्पिटल पहुंचे, जहां शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मर्ग कायम, ट्रक जप्ती में –
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रक को जब्ती में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के ष्टष्टञ्जङ्क फुटेज सहित अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह सड़क हादसा था या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी।

