– कमला नेहरू स्कूल संकुल के शिक्षकों ने प्राचार्य सुमित्रा बामनिया को सौंपा ज्ञापन
– ऑनलाइन सर्विस बुक अपडेट नहीं होने से वेतन आहरण में आ रही परेशानियों का उठाया मुद्दा
जावरा। राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र त्रिवेदी के नेतृत्व में कमला नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संकुल के अंतर्गत आने वाले शिक्षकों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्राचार्य श्रीमती सुमित्रा बामनिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षकों के पूर्व वर्षों के मेडिकल अवकाश एवं अर्जित अवकाश को 3.0 ऑनलाइन सर्विस बुक एवं हमारे शिक्षक ऐप पर दर्ज करने की मांग की गई।
शिक्षकों ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था में मेडिकल अवकाश पर जाने वाले शिक्षकों का अवकाश ऑनलाइन हमारे शिक्षक ऐप पर प्रदर्शित होना आवश्यक है, लेकिन संकुल के अंतर्गत अनेक शिक्षकों के पिछले वर्षों के मेडिकल अवकाश अभी तक ऑनलाइन दर्ज नहीं किए गए हैं। इसके कारण मेडिकल अवकाश के बाद वेतन आहरण में शिक्षकों को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। शिक्षकों का कहना है कि बीमारी की स्थिति में अवकाश लेने के बाद भी ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट नहीं होने के कारण उन्हें अपने वेतन के लिए कार्यालयीन प्रक्रिया में परेशान होना पड़ता है। ऐसी स्थिति में शिक्षक साथी बीमारी के दौरान भी वेतन संबंधी समस्याओं को लेकर चिंतित रहते हैं।
भविष्य में ना हो वेतन व अवकाश संबंधी समस्या –
ज्ञापन के माध्यम से प्राचार्य से अनुरोध किया गया कि लेखा विभाग के माध्यम से शिक्षकों के लंबित मेडिकल अवकाशों का ऑनलाइन रिकॉर्ड शीघ्र अपडेट करवाया जाए। साथ ही शिक्षकों के अर्जित अवकाश का भी ऑनलाइन अंकन किए जाने की मांग की गई, ताकि भविष्य में अवकाश एवं वेतन संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े। ज्ञापन देते समय शिक्षक साथी गुरु प्रसाद शर्मा, विशाल सैनी, सुधीर त्रिवेदी, सुरेश बैरागी, कैलाश वाक्तरिया, राकेश वाक्तरिया, केसर खान, निगहत फातेमा, राकेश देवड़ा, जिनत खान सिसोदिया सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। उक्त जानकारी राज्य कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष सुरेश बैरागी ने दी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

