– 6.30 लाख का स्टॉक सील, भोपाल लैब में खुलेंगे असली राज
रतलाम। जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने ग्लोबस सिटी स्थित महाकाल ट्रेडर्स पर छापा मारा। यहां मदर बेस्ट और यूपी फ्रेश क्वालिटी नाम से कथित ‘गाय का घी’ खुलेआम बेचा जा रहा था।
जांच के दौरान टीम को पैकिंग में गंभीर गड़बडिय़ां मिलीं। खास बात यह रही कि यूपी फ्रेश क्वालिटी के पैक पर खाद्य पदार्थ का नाम ही अंकित नहीं था, लेकिन पैक पर घी और गाय की तस्वीर लगाकर उपभोक्ताओं को भ्रमित किया जा रहा था। फर्म संचालक विक्रांत त्यागी ने बताया कि वह यह घी मुजफ़्फरनगर (उ.प्र.) की मां वैष्णो देवी फूड प्रोडक्ट एवं रिद्धि ट्रेडिंग कंपनी से करीब 310 रुपए प्रति लीटर में खरीदता है।
9 सेम्पल लिए, 1600 लीटर घी जब्त किया –
टीम ने मौके से 9 नमूने लिए और शेष लगभग 1600 लीटर घी जब्त कर सीलबंद कर दिया। जब्त सामग्री की कीमत करीब 6 लाख 30 हजार 818 रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता, तहसीलदार रामचंद्र पांडे और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मुकेश चौहान मौजूद रहे। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावटी या भ्रामक तरीके से खाद्य सामग्री बेचने वालों पर लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

