– मकनपुरा में पुलिस की बड़ी दबिश, 13.69 लाख का मश्रुका जप्त
– अंधेरे का फायदा उठाकर 3 आरोपी फरार
ताल/रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी और संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना ताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडाचूरा, अफीम, अवैध हथियार और कार जप्त की है। कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना ताल पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार दिनांक 07 मई 2026 को थाना ताल पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ताल क्षेत्र के मकनपुरा गांव में अवैध मादक पदार्थ का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस ने आरोपी आमिन खाँ पिता रुस्तम खाँ निवासी मकनपुरा के मकान के सामने ओटले पर रखे 8 कट्टों तथा सिल्वर रंग की इंडिगो कार क्रमांक GJ05BV0258 में रखे 4 कट्टों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुल 12 प्लास्टिक बोरों में भरा हुआ 208.830 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 17 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा एक प्लास्टिक केन में रखा 3.480 किलोग्राम अवैध अफीम भी बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 5 लाख 22 हजार रुपये आंकी गई है। मौके से एक अवैध लोहे की पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा राउंड भी पुलिस ने जप्त किए हैं।
अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी हुए फरार, तलाश जारी –
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी रात्रि और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है तथा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने इस मामले में फरार आरोपी आमिन खाँ पिता रुस्तम खाँ निवासी मकनपुरा, छोटू उर्फ बुक्कु खाँ पिता रुस्तम खाँ निवासी मकनपुरा तथा इब्राहिम पिता गफूर खाँ निवासी खेड़ा थाना बरखेड़ाकलां के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
13 लाख से अधिक का मश्रुका जप्त –
पुलिस ने दबिश के दौरान 208.830 किलोग्राम डोडाचूरा, 3.480 किलोग्राम अवैध अफीम, एक अवैध पिस्टल व दो जिंदा राउंड, सिल्वर रंग की इंडिगो कार क्रमांक GJ05BV0258 सहित कुल अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख 69 हजार रुपये का मश्रुका जप्त किया हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ताल निरीक्षक स्वराज डाबी, उप निरीक्षक मोहम्मद अय्युब खाँ, उप निरीक्षक रविन्द्र मालवीय, सहायक उप निरीक्षक पंकज भम्भोरिया, आरक्षक शुभम सिंह चौहान, मनोहर गायरी, पवन परमार, प्रीतम लौहार, अमरसिंह, सांवरिया पाटीदार एवं सैनिक विनोदसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

