– स्टेशन रोड पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की 4 स्टेपनियां, बाइक और औजार जब्त; 3 आरोपी अब भी फरार
रतलाम। थाना स्टेशन रोड पुलिस ने वाहन स्टेपनी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चार स्टेपनियां, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा चोरी के औजार बरामद किए हैं। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1.80 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय सारवान के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को अशोक नगर निवासी अजमल खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी महिंद्रा बोलेरो लोडिंग वाहन जनक अस्पताल के सामने खड़ी थी, जहां से अज्ञात बदमाश स्टेपनी चोरी कर ले गए। जांच के दौरान पुलिस को सब्जी मंडी क्षेत्र से भी कई वाहनों की स्टेपनियां चोरी होने की जानकारी मिली।
सीसीटीवी और मुखबीर तंत्र से मिले आरोपी –
थाना स्टेशन रोड पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना मिलने पर करमदी रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्टेपनी चोरी की कई वारदातें कबूल कीं। उनकी निशानदेही पर चोरी की चार स्टेपनियां, एक हीरो मोटरसाइकिल तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। आरोपियों ने सब्जी मंडी क्षेत्र से तीन अन्य स्टेपनियां चोरी करना भी स्वीकार किया, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार –
गिरफ्तार आरोपियों में संदीप डामर, वीरम मकवाना, मनीष मईड़ा तथा एक विधि विरुद्ध बालक शामिल हैं। वहीं अंकित देवड़ा, राजेश चौहान और अर्जुन डामर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्रसिंह जादौन, एएसआई प्रकाश डावर, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र बघेल, आरक्षक रितेश यादव, ध्रुवसिंह एवं दीपक वसुनिया की सराहनीय भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

