– राजश्री नमकीन सेंटर पर ग्राहक बनकर आया शातिर युवक, व्यापारी का ध्यान हटते ही नकदी पर किया हाथ साफ; साथी के साथ बाइक से फरार, सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपे
जावरा। शहर की पुरानी धानमंडी स्थित राजश्री नमकीन सेंटर पर दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। नमकीन खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचे एक युवक ने व्यापारी की नजर बचाकर काउंटर में रखी 10 हजार रुपए की गड्डी पर हाथ साफ कर दिया और अपने एक साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, राजश्री नमकीन सेंटर के संचालक रमेश खमोरा दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक नमकीन लेने के बहाने दुकान में पहुंचा। जैसे ही व्यापारी रमेश खमोरा नमकीन निकालने के लिए दूसरी ओर गए, युवक ने मौके का फायदा उठाया और काउंटर में रखे 10 हजार रुपए उठाकर छिपा लिए। इसके बाद वह बिना किसी को शक होने दिए दुकान से बाहर निकला और पहले से बाइक लेकर मौजूद अपने साथी के साथ फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात, पुलिस को सौंपे साक्ष्य –
घटना की जानकारी लगने के बाद व्यापारी रमेश खमोरा ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस को सौंपते हुए लिखित आवेदन दिया है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है, ताकि चोरी गई राशि की बरामदगी की जा सके।
दिनदहाड़े चोरी से व्यापारियों में चिंता –
शहर के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र पुरानी धानमंडी में इस तरह दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है। ग्राहक बनकर दुकानों में पहुंचने वाले संदिग्धों से सतर्क रहने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक कब पहुंचती है और चोरी गई रकम की बरामदगी कब तक हो पाती है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

